लखनऊ। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा में टूट को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के दावे को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि ऐसी बातों में कोई दम नहीं है और भाजपा को समाजवादी पार्टी के किसी सांसद या विधायक को शामिल करने की आवश्यकता नहीं है।
शनिवार को दो दिवसीय प्रवास पर पहुंचे केशव प्रसाद मौर्य से ओम प्रकाश राजभर के उस दावे पर सवाल पूछा गया, जिसमें उन्होंने सपा के कई सांसदों और विधायकों के संपर्क में होने की बात कही थी। इस पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के पास चुनाव लड़ने वाले योग्य कार्यकर्ता हैं और समाजवादी पार्टी जैसी “खराब पार्टी” के लोगों को लेने की जरूरत नहीं है।
अखिलेश यादव के भाजपा विधायकों के पाला बदलने वाले बयान पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा मुखिया को सही समय का इंतजार करना चाहिए।
अयोध्या श्रीराम मंदिर में कथित गबन के मामले पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईटी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
करणी सेना के सड़कों से जुड़े विवादित बयान पर मौर्य ने कहा कि कुछ लोगों को यह भी नहीं पता कि क्या बोलना चाहिए और क्या नहीं बोलना चाहिए।
विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर उपमुख्यमंत्री ने 100 में 80 सीटें भाजपा के खाते में आने का दावा किया।
रविवार को होने वाली NEET-UG 2026 परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरकार हर परीक्षा को शुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पहले सामने आई गड़बड़ियों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित किया गया है, ताकि किसी तरह की अनियमितता न हो सके।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की योग पद्धति को दुनिया भर में पहचान मिली है। उन्होंने लोगों से “करें योग, रहें निरोग” का संदेश अपनाने की अपील की।






