रतनपुरी पुलिस ने किया राकिब हत्याकांड का खुलासा, आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल और नशीली दवाईयों के रैपर किये बरामद
मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले का खुलासा करते हुए घटना में वांछित महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अवैध संबंधों के विवाद में पति की हत्या की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और नशीली दवाईयों के रैपर भी बरामद किए हैं।
रतनपुरी पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तितावी पुलिस ने यह कार्रवाई की। बताया गया कि 8 सितंबर 2026 को थाना क्षेत्र के गांव हुसैनाबाद भनवाडा में एक व्यक्ति राकिब की हत्या की घटना सामने आई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को घटना में मृतक की पत्नी तबस्सुम पुत्री शकील और उसके प्रेमी शाहरूख की संलिप्तता के साक्ष्य मिले।

एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक ने पुलस लाइन में प्रेस वार्ता कर राकिब हत्याकांड का खुलासा किया। जांच के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सामने आया कि महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की थी। पति को महिला ने पहले खाने में नशीली दवाई दी और उसके सो जाने के बाद प्रेमी के साथ मिलकर उसका कत्ल कर दिया। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रेस वार्ता में सीओ बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह भी मौजूद रहे। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में किशनपाल यादव, शैलेन्द्र चौधरी, कांस्टेबल चन्द्रवीर सिंह, महिला सिपाही रेनु कुमार आदि शामिल रहे। पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को जेल भेज दिया है।
