दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर हरद्विार से डाक कांवड़ लेकर लौटते समय हुआ हादसा, अस्पताल में तोड़ा दम
सहारनपुर। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर सोमवार सुबह डाक कांवड़ लेकर लौट रहे एक कांवड़िये की सड़क हादसे में मौत हो गई। हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली जा रहे हिमांशु उर्फ हनी डागर को रामपुर मनिहारान क्षेत्र में पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान दिल्ली के राजीव नगर निवासी हिमांशु उर्फ हनी डागर के रूप में हुई है। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, हिमांशु उर्फ हनी डागर अपने साथियों के साथ हरिद्वार से डाक कांवड़ का गंगाजल लेकर दिल्ली लौट रहा था। सोमवार सुबह रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र में दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर कंजौली पुलिया से आगे पहुंचते ही पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हिमांशु सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 पीआरवी मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने घायल कांवड़िये को तत्काल जिला अस्पताल सहारनपुर पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
