इलेक्ट्रिक स्कूटी शोरूम में लगी भयंकर आग, लाखों का नुकसान

50 से ज्यादा स्कूटी जलकर हुई खाक, तीन दमकल गाड़ियों के साथ डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

शामली। जनपद शामली के माजरा रोड स्थित चौधरी चरण सिंह कॉलोनी में इलेक्ट्रिक स्कूटी शोरूम में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर 50 से ज्यादा स्कूटी जल गईं। दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

शामली शहर के माजरा रोड स्थित चौधरी चरण सिंह कॉलोनी में वरदान ऑटो मोबाइल्स के इलेक्ट्रिक स्कूटी शोरूम में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे अचानक भीषण आग लग गई। शोरूम से आग की लपटें और धुआं उठता देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने शोरूम के अंदर रखी इलेक्ट्रिक स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि शोरूम में रखी 50 से ज्यादा इलेक्ट्रिक स्कूटी जल गईं। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। कॉलोनी में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तीन गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची।

इसे भी पढ़ें:  एम.जी. पब्लिक स्कूल के बच्चों ने एडवेंचर टूर का उठाया भरपूर आनंद

दमकल कर्मियों ने आग को बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दमकल कर्मियों की तत्परता के कारण आग आसपास की दुकानों और मकानों तक फैलने से बच गई। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। शोरूम के अंदर कई गैस सिलिंडर भी रखे हुए थे। गनीमत रही कि आग के दौरान सिलिंडर फटने से बच गए। यदि सिलिंडर आग की चपेट में आ जाते तो आसपास के क्षेत्र में बड़ा हादसा हो सकता था। आग बुझने के बाद भी दमकल कर्मियों ने मौके पर स्थिति पर नजर बनाए रखी। एफएसएसओ के अनुसार आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें:  एम.जी. पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के बीच छात्र परिषद् का गठन
Share This Article