एसएसपी ने बढ़ाया छात्राओं का आत्मविश्वास, कहा-पुलिस आपकी मित्र

मिशन शक्ति के तहत नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने गुरुवार को नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज में छात्राओं के साथ संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने प्रेरणादायी कहानी के माध्यम से छात्राओं को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और अपने लक्ष्य के प्रति दृदृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों और महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने छात्राओं से कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या, असुरक्षा या अप्रिय परिस्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस की सहायता लें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें।

इसे भी पढ़ें:  बिजनौर शादी बिजली कनेक्शन काटा, वीडियो वायरल

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने भी छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने में सावधानी बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि “जागरूकता, आत्मविश्वास और शिक्षा ही सशक्तिकरण की सबसे मजबूत आधारशिला है।” उन्होंने छात्राओं से अपने जीवन के लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत और प्रयास करते रहने का आह्वान किया।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में एसआईआरः छह दिन शेष-50 प्रतिशत काम अभी बाकी

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से सीधे संवाद करते हुए अपनी जिज्ञासाएं और सवाल भी साझा किए। अधिकारियों ने छात्राओं के प्रश्नों का समाधानपरक उत्तर देते हुए उन्हें हर परिस्थिति में सजग और आत्मविश्वासी रहने के लिए प्रेरित किया। पूलिस अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद में लगातार जागरूकता एवं सुरक्षा संबंधी अभियान चलाए जा रहे हैं।

इसे भी पढ़ें:  वाराणसी: मणिकर्णिका घाट को लेकर AI तस्वीरों का विवाद, AAP सांसद संजय सिंह समेत 8 लोगों पर FIR
Share This Article