खतौली। मुख्यमंत्री द्वारा अयोध्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं तथा महिला कल्याण विभाग के लाभार्थियों के सम्मान समारोह के आयोजन के क्रम में जनपद मुजफ्फरनगर में भी जनपद एवं तहसील स्तर पर सम्मान समारोह आयोजित किए गए। इसी क्रम में खतौली ब्लॉक का सम्मान समारोह बीआरसी भैंसी में ब्लॉक प्रमुख खतौली की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में ब्लॉक क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने प्रतिभाग किया।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 10 सहायिकाओं को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। इसके अलावा पोषण अभियान के तहत कुपोषण की श्रेणी से बाहर आए पांच बच्चों को पोषण पोटली उपलब्ध कराई गई। वहीं नव चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी अत्येन्द्र सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं सरकार की विभिन्न योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा के साथ महिलाओं और परिवारों को जागरूक करने में उनका योगदान सराहनीय है। उन्होंने सभी कार्यकत्रियों से इसी लगन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
खण्ड शिक्षा अधिकारी खतौली पंकज अग्रवाल ने भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा और पोषण दोनों का बेहतर समन्वय जरूरी है।
इस अवसर पर मुख्य सेविकाएं कल्पना, प्रीति एवं वैशाली, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर गौरव चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहें। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सेविका कल्पना ने किया।
