एमजी पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में बच्चों ने जगाया देशप्रेम

विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों से पेश की भारतीय संस्कृति की झलकं, गुमनाम स्वतंत्रता सेनानियों से लेकर शहीदों के बलिदान और सैनिकों के शौर्य तक को किया प्रदर्शित

मुजफ्फरनगर। एमजी पब्लिक स्कूल में गुरुवार को आयोजित वार्षिकोत्सव ‘एम.जी. पैनोरमा-2026 में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के साथ भारतीय संस्कृति, ऐतिहासिक गौरव और राष्ट्रभक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देश के गुमनाम क्रांतिकारियों के संघर्ष, अमर शहीदों के बलिदान, भारतीय परंपराओं और विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृति को मंच पर जीवंत किया गया। पंजाबी भांगड़ा, गुजराती गरबा, लाला लाजपत राय के संघर्ष पर आधारित नाटक और सैन्य जवानों के शौर्य को समर्पित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। नन्हे कलाकारों की प्रस्तुतियों ने भी खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, सीडीओ अमित कुमार और सीओ सिटी/एएसपी आईपीएस सिद्धार्थ के. मिश्रा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पंजाब नेशनल बैंक मुजफ्फरनगर के सर्किल हेड राजिन्दर पॉल और मेजर अभिजीत त्यागी शामिल हुए।

इसे भी पढ़ें:  मोदी जी घुटने टेकते नहीं, घुटने टिकवाते हैं: नरेन्द्र कश्यप 

एम.जी. चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन सतीश चन्द गोयल, मधु गोयल, मेघा गोयल, सुरूचि, अथर्व गोयल, एम.जी. पब्लिक स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष भीम सैन कंसल, सचिव विकास गोयल, सदस्य वैभव गोयल, उपाध्यक्ष विनीत सिंघल और कोषाध्यक्ष रोहित सिंघल सहित अतिथियों व अभिभावकों का प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग ने स्वागत किया। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।

आध्यात्मिक प्रस्तुतियों से लोक संस्कृति तक का सफर

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना और आकर्षक नृत्य से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने मंगल स्वागतम नृत्य के जरिए अतिथियों का अभिनंदन किया। कोस्टल डांस में देश के समुद्री तटीय क्षेत्रों की संस्कृति और परंपराओं को दर्शाया गया।

कठपुतली नृत्य ने बच्चों की कलात्मक क्षमता दिखाई, जबकि ‘दि अवेकिंग ऑफ आदि शक्ति प्रस्तुति में मां दुर्गा की शक्ति और धर्म की अधर्म पर विजय का संदेश दिया गया। इसमें महिषासुर वध के मंचन पर सभागार माता के जयकारों से गूंज उठा। स्वर साम्राज्ञी आशा भोसले के जीवन और संगीत सफर पर आधारित ‘ए वॉयस बियॉन्ड टाइम में विद्यार्थियों ने उनके लोकप्रिय गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर संगीत जगत में उनके योगदान को श्रद्धांजलि दी।

गुमनाम क्रांतिकारियों के संघर्ष और बलिदान को किया याद

समारोह की विशेष प्रस्तुति ‘ए सैल्यूट टू दि अनसंग हीरोज रही। इसके माध्यम से इतिहास में अपेक्षित पहचान नहीं पाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों भगवान बिरसा मुंडा, झलकारी बाई, संगोली रायन्ना, भगत सिंह के मामा अजीत सिंह और अल्लूरी सीताराम राजू सहित अन्य क्रांतिकारियों के साहस और बलिदान को मंच पर उतारा गया।

इसे भी पढ़ें:  कांवड़ यात्रा में दुकानदारों की पहचान पर नाराज़ हुए विधायक पंकज मलिक

विद्यार्थियों के अभिनय ने दर्शकों में देशप्रेम की भावना को प्रबल किया। ‘अहम नाद’ प्रस्तुति में भारतीय संगीत और सनातन परंपराओं में वाद्य यंत्रों की महत्ता बताई गई। इसमें भगवान श्रीकृष्ण की बांसुरी, भगवान शिव का डमरू, मां सरस्वती की वीणा और शंखनाद को नृत्य-संगीत के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। भारतीय सेना के जवानों और अमर शहीदों के अदम्य साहस पर आधारित प्रस्तुति ने राष्ट्रभक्ति का जोश भर दिया।

मेधावी विद्यार्थियों और चार शिक्षकों का हुआ सम्मान

प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में विद्यार्थियों की उपलब्धियों के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। अतिथियों ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं और सराहनीय योगदान देने वाले चार शिक्षकों प्रमिला पुण्डीर, सीता आनन्द, कुलदीप कुमार और रिचा को सम्मानित किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और आत्मविश्वास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ‘एम.जी. पैनोरमा-2026’ ने परंपरा, आधुनिकता, कला और देशभक्ति का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया।

इसे भी पढ़ें:  कुटबा में फायरिंग, जय कुमार उर्फ कुक्कू के खिलाफ मुकदमा दर्ज

इस अवसर पर पूर्व मंत्री चौधरी योगराज सिंह, भारतीय प्रेस परिषद के सदस्य अंकुर दुआ, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य हनीप्रीत सिंह बेदी, श्री गुरू सिंह सभा के प्रधान सतपाल सिंह मान, उद्यमी आलोक स्वरूप, अंकुर गर्ग, अंकित संगल, राजन अग्रवाल, डा. एमके बंसल, डा. अविनाश रमानी, डॉ. स्वाति अग्रवाल, डॉ. विपुल राणा, सीए अजय अग्रवाल, सीए अजय जैन, एडीजीसी विक्रान्त राठी एडवोकेट, सतवीर सिंह, हासानन्द षर्मा एडवोकेट, रीना अग्रवाल, नीरा गुप्ता, आशीष गुप्ता, संदीप अग्रवाल चीकू, पंकज चौधरी, श्रेय जिन्दल, अजय जिन्दल, ललित माहेश्वरी, हिमांशु गोयल, सतनाम सिंह हंसपाल, कुशपुरी, पूर्व चेयरमैन अंजु अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, सुरेन्द्र अग्रवाल, देवराज पंवार, मुकेश गोयल, अरूण गुमार गोयल, अजय स्वरूप, नवनीत गोयल एडवोकेट, शिवचरण दास गर्ग, सभासद अमित पटपटिया, सतीश कुकरेजा, हिमांशु गोयल और शोभित गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका रितु सिक्का ने किया। एंकरिंग अनन्त जैन, साक्षी गर्ग, अनुभव, अक्षिता, दिव्यांशी, आशी, फारिया और तेजस्वी ने की।

Share This Article