भाकियू सुप्रीमो नरेश टिकैत के साथ गिरफ्तारी देंगे हजारों किसान

मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नरेश टिकैत के खिलाफ सहारनपुर की एक अदालत के द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिये जाने के मामले में यूनियन में रोष पनपा है। कोर्ट के आदेश के तहत भाकियू के कार्यकर्ता और किसान अपने अध्यक्ष नरेश टिकैत को कोर्ट में पेश करने के साथ ही इस आदेश के प्रति आक्रोश जताने के लिए सामूहिक गिरफ्तारी देने की तैयारी कर रहे हैं। भाकियू जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा ने जनपद के किसानों और यूनियन कार्यकर्ताओं से शुक्रवार 24 मई को सहारनपुर कूच और सामूहिक गिरफ्तारी का आह्नान किया है। हर ब्लॉक से 30 गाड़ियों को लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शुक्रवार की सुबह नौ बजे सभी से रोहाना खुर्द टोल प्लाजा पर एकत्र होने की अपील की गई है। भाकियू के इस ऐलान से दो जिलों में पुलिस प्रशासन में हड़कम्प मच गया है। दोनों जिलों में पुलिस फोर्स को अलर्ट किया गया है।

ज्ञात रहे कि बिना अनुमति सम्मेलन और जाम लगाने के मामले में सहारनपुर की अदालत ने भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। करीब 14 साल पुराने मुकदमे में टिकैत, और वर्तमान में कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़े इमरान मसूद समेत 24 आरोपी हैं। इस केस में एसीजेएम-तीन विशेष एमपी/एमएलए कोर्ट सहारनपुर में शुक्रवार 24 मई को सुनवाई होगी। बताया जा रहा है कि सरसावा थाने में 20 मई 2010 को सम्मेलन करने और राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने का मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में इमरान मसूद और अन्य कई आरोपी अब तक जमानत करा चुके हैं। अदालत में हाजिर नहीं होने पर भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत की गिरफ्तारी के आदेश जारी किए गए हैं। अदालत ने एसएसपी सहारनपुर को आदेश दिए कि 24 मई को नरेश टिकैत को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाए। प्रकरण के समय चौधरी नरेश टिकैत भाकियू के अध्यक्ष नहीं थे। वह प्रतिनिधि के तौर पर सम्मेलन में शामिल होने गए थे। आरोपियों पर धारा 147, 283 और 341 आईपीसी में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में इमरान मसूद, वीरेंद्र, राज सिंह, राजकुमार, सुशील चौधरी, मुकेश चौधरी, ओमी पंवार, वीरेंद्र शास्त्री, सलमान मसूद, नरेश टिकैत, अब्दुल वाहिद, प्रदीप, राजपाल, वीरेंद्र सिंह, प्रवेश गुर्जर, प्रीतम सिंह, जसंवत, मेला राम पंवार, पप्पू, वीरेंद्र, चरण सिंह, अशोक, बलजीत सिंह और अशोक चौधरी नामजद किए गए थे।

इसे भी पढ़ें:  खालापार में पटाखे वाली बुलेट पुलिस पर भारी, मारपीट के बाद पुलिस से बाइक छीन फरार हो गये युवक

इस मामले में भाकयू सुप्रीमो नरेश टिकैत के गिरफ्तारी वारंट जारी होने से संगठन में भारी रोष नजर आ रहा है। भाकियू जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा ने कहा कि यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नरेश टिकैत को आगामी 24 मई 2024 को सहारनपुर न्यायालय में पेश होने के आदेश जारी हुए है। इस पेशी के आदेश, आज से 14 वर्ष पूर्व सरसावा थाने में दर्ज एक मुकदमे के संबंध में जारी हुए हैं। उनका कहना है कि 14 वर्ष पूर्व दर्ज हुए मुकदमें में न्यायालय द्वारा ना कोई नोटिस भेजा गया, ना ही कोई सूचना प्रेषित की गई और अब अचानक से 24 मई को अदालत में पेश होने को कहा गया और हाजिर नहीं होने पर गिरफ्तारी के आदेश जारी किए गए। उन्होंने कहा कि अब यूनियन के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता किसानों के साथ अपने अध्यक्ष नरेश टिकैत को सहारनपुर कोर्ट लेकर जायेंगे, उनकी पेशी के साथ ही सभी सामूहिक गिरफ्तारी देंगे। इसके लिए सभी को संदेश पहुंचा दिया गया है। शुक्रवार को नरेश टिकैत के साथ सहारनपुर न्यायालय पहुंच कर गिरफ्तारी दी जायेगी। जिला महासचिव अनुपम शांडिल्य ने बताया कि 24 मई को पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार भाकियू के राष्ट्रीय, प्रदेश, मण्डल, जिला, ब्लॉक, तहसील व ग्राम स्तर के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नरेश टिकैत के साथ सहारनपुर न्यायालय कूच करेंगे। इसके लिए संगठन ने जनपद के प्रत्येक ब्लॉक से न्यूनतम 30 गाड़िया ले कर चलने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता शुक्रवार सुबह ठीक 9 बजे रोहाना टोल पर एकत्र होंगे।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR--किसान दिवस में किसान नेताओं का हंगामा
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *