खतौली उपचुनाव में भाकियू को झटका, भाजपा में जा सकते हैं टिकैत के 'फौजी'

Update: 2022-11-16 11:47 GMT

मुजफ्फरनगर। खतौली सीट पर हो रहे उपचुनाव के बीच अब राजनीतिक तौर पर जो गरमाहट बनी है, उससे चलते दूसरे संगठनों में भी उठा-पटक का दौर चल रहा है। इस चुनाव में भाजपा को वोट न करने की अपील कर चुके भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत को झटका लगा है। भाकियू के पूर्व प्रदेश सचिव और कद्दावर किसान नेता चांदवीर फौजी ने भाकियू से इस्तीफा देकर नई बहस को जन्म दिया है। माना जा रहा है कि चांदवीर भी अब भाकियू से किनारा करते हुए राजू अहलावत की राह पर चल पड़े हैं और वो भाजपा ज्वाइन कर सकते हैं, हालांकि चांदवीर फौजी ने अराजनैतिक संगठन से राजनीतिक संगठन की ओर जाने की हर बात और चर्चा का खंडन किया है।

भारतीय किसान यूनियन के पूर्व प्रदेश सचिव खतौली विधानसभा के अन्तर्गत मन्सूरपुर थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी चांदवीर फौजी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नरेश टिकैत को भेजे त्याग पत्र में कहा है कि यूनियन का गठन देश के महान किसान नेता स्व: चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत ने देश के किसानों की लड़ाई लड़ने के लिए किया था और हमेशा अराजनैतिक रहने का संकल्प लिया था। हमारा परिवार लम्बे समय से किसान नेता एवं मेरे बड़े भ्राता स्व: चन्द्रपाल फौजी के सानिध्य में भारतीय किसान यूनियन के साथ मजबूती से जुडा रहा, लेकिन अब मैं संगठन के साथ विचार न मिलने के कारण भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश सचिव पद से अपना त्यागपत्र दे रहा हूँ। इसके बाद से ही चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। उनका यह त्यागपत्र खतौली विधानसभा पर हो रहे उपचुनाव को लेकर ही माना जा रहा है। चर्चा यह है कि रालोद से बागी हुए अभिषेक चौधरी की भांति ही चांदवीर फौजी भी अब भाजपा के साथ खड़े नजर आ सकते हैं। ऐसा हुआ तो चांदवीर फौजी के रूप में यूनियन को राजू अहलावत के बाद यह दूसरा तगड़ा झटका मिलेगा। हालांकि अभी उनके राजनीतिक पार्टी में जाने की चर्चाओं की किसी भी स्तर पर पुष्टि नहीं हो सकी है।

Similar News