बुढ़ाना की बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर चलती कार में काटा मां का गला

मनोनाधाम दर्शन के बहाने मेरठ से मां को लेकर गई थी बेटी, हत्या के बाद लाश को बोरी में भरकर मंगलौर में फेंका, उत्तराखंड पुलिस ने 200 सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद आरोपियों को पकड़ा, कार भी बरामद

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने अपनी मां को अपने प्रेमी की खातिर मौत की गहरी नींद सुला दिया और कत्ल के बाद मां के शव को अपने प्रेमी के साथ मिलकर बोरी में भरने के बाद उत्तराखंड ले जाकर सुनसान सड़क पर फेंक दिया। कत्ल के बाद हत्या की आरोपी बेटी अपने प्रेमी के साथ सुकून से थी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज ने इस कलयुगी बेटी की काली करतूत का चिट्ठा खोल दिया और पुलिस ने उसको उसके प्रेमी के साथ गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया है। इस मामले की कहानी में यूपी के दो राज्यों के तीन जिलों का घटना क्रम शामिल है।

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। कंकरखेड़ा के नटेशपुरम में रहने वाली कविता (40) की कार में ले जाकर बेटी उन्नति ने अपने प्रेमी दुल्हेड़ा गांव के आकाश चौहान के साथ मिलकर हत्या कर दी। दोनों ने चाकू से गला रेतकर वारदात को अंजाम दिया और शव उत्तराखंड राज्य के जनपद हरिद्वार के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में गंगनहर के किनारे एक सुनसान सड़क पर फेंक दिया था। बुधवार रात मंगलौर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-भूमि पूजन में केवल मंत्री को बुलाने पर नाराज हुए मदन भैया

हरिद्वार के एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि 18 अगस्त को पुलिस को गंगनहर किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिला था। महिला के गले पर चाकू से वार के गहरे निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और पहचान का प्रयास किया जाने लगा। महिला का शव मिलने के लिए आसपास के थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी प्रसारित की गई। बाद में शिनाख्त हुई और मृतका की पहचान कविता के रूप में हुई। वह कंकरखेड़ा के नटेशपुरम निवासी अरविंद की पत्नी थीं। अरविंद और कविता दोनों मूलरूप से ओली माजरा गांव बुढ़ाना जनपद मुजफ्फरनगर के निवासी हैं।

अरविंद ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि बेटी उन्नति ने पिता को बताया था कि वो अपनी मां कविता को मनोनाधाम दर्शन कराने ले जा रही है। उनकी बेटी उन्नति और आकाश चौहान के बीच प्रेम-प्रसंग था। कविता इसका विरोध करती थी। 17 अगस्त की सुबह अरविंद ड्यूटी पर जा रहे थे। उस समय कविता घर पर नहीं थीं। इसके चलते अरविंद ने बेटी को कॉल कर पूछताछ की। इस पर उन्नति ने पिता को बताया कि वह अपनी मां को बरेली स्थित मनोनाधाम दर्शन के लिए ले जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  टशनबाजी में चरथावल रोड पर चली गोलियां, युवक गंभीर, मेरठ रैफर

वारदात की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बुधवार को मंगलौर पुलिस कंकरखेड़ा और पल्लवपुरम पहुंची। पुलिस ने दोनों आरोपियों को लक्सर रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि दोनों ने अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार और चाकू बरामद कर लिया है। एसपी देहात ने बताया कि शव मिलने के बाद पुलिस ने 200 से ज्यादा सीसीटीवी के फुटेज चेक किए। पुलिस को एक संदिग्ध कार दिखाई दी। इस कार को तलाशती हुई पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। इस मामले में अरविंद ने मंगलौर कोतवाली में दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।

 

आरोपी आकाश चौहान ने पुलिस को बताया कि वारदात के समय वह कार चला रहा था। उसकी प्रेमिका उन्नति पीछे की सीट पर मां के साथ बैठी थी। रास्ते में कविता को नींद की झपकी लग गई। इसी दौरान बगल में बैठी बेटी उन्नति ने चाकू से मां का गला रेत दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आकाश ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोक दिया। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने मिलकर कविता की हत्या की और शव को बोरी में रखकर कार की डिग्गी में डाल दिया। इसके बाद आरोपी शव को लेकर मंगलौर पुल के पास पहुंचे। सुनसान स्थान देखकर दोनों ने महिला के शव को नहर में फेंक दिया और भाग गए। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी 12वीं पास हैं। रुड़की के मंगलौर में महिला की हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी उन्नति और उसका प्रेमी आकाश चौहान दिल्ली में नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे थे। इस दौरान ही दोनों की मुलाकात हुई थी। कुछ दिन पूर्व युवक ने युवती के घर जाकर शादी करने की बात कही थी, लेकिन उन्नति की मां इस शादी के पक्ष में नहीं थी।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-डीएम की सख्ती के बाद टली सर्दी की नुमाइश
Share This Article