18 नवंबर को रोहाना शुगर मिल पर किसानों का हल्लाबोल, होगी तालाबंदी

गन्ना मूल्य घोषित न होने और गन्ना सेंटरों से उठान शुरू न होने पर भाकियू ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी, 17 नवंबर की सिसौली पंचायत में बनेगी आंदोलन की रणनीति

मुजफ्फरनगर। गन्ना किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। भाकियू नेता एवं जिला पंचायत सदस्य विकास शर्मा के नेतृत्व में किसान 18 नवंबर को रोहाना शुगर मिल पर बड़ा प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान मिल की तालाबंदी करने की भी घोषणा की गई है। किसानों का आरोप है कि गन्ने का नया मूल्य घोषित नहीं होने और शुगर मिल की ओर से गन्ना सेंटरों का संचालन सुचारू रूप से शुरू नहीं किए जाने के कारण उनकी मुश्किलें बढ़ रही हैं।

Contents
इसे भी पढ़ें:  बागपत खाप पंचायत फैसला: स्मार्टफोन और हाफ पैंट पर बैन, मैरिज होम शादी पर रोक

पहले यह आंदोलन 17 नवंबर को प्रस्तावित था, लेकिन इसी दिन भाकियू की सिसौली में मासिक पंचायत आयोजित होने के चलते कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब 17 नवंबर की पंचायत में किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के साथ ही आंदोलन की आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। इसके अगले दिन 18 नवंबर को बड़ी संख्या में किसान रुहाना शुगर मिल पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे।

गेहूं की बुवाई प्रभावित होने से किसानों में नाराजगी

किसानों का कहना है कि गन्ना सेंटरों से समय पर गन्ने का उठान नहीं होने के कारण खेत खाली नहीं हो पा रहे हैं। इससे गेहूं की बुवाई प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा गन्ने का नया राज्य परामर्शी मूल्य (एसएपी) घोषित नहीं होने और भुगतान संबंधी समस्याओं को लेकर भी किसानों में नाराजगी है। भाकियू की ओर से शामली जनपद की थाना भवन शुगर मिल में तैनात किसानों की वापसी और उनके स्थानांतरण का मुद्दा भी उठाया जा रहा है। किसान नेताओं का कहना है कि इन समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

इसे भी पढ़ें:  छपार टोल प्रकरण: रालोद नेता ने मांगेराम त्यागी व दो साथियों पर दर्ज कराया मुकदमा

रोनी हरजीपुर में मिल अधिकारियों ने डाला डेरा

इधर, आंदोलन की चेतावनी के बीच रोहाना शुगर मिल के केन विभाग के सेक्टर इंचार्ज और अन्य अधिकारियों ने गांव रोनी हरजीपुर में डेरा जमाए रखा। यहां गन्ना सेंटर से गन्ने का उठान शुरू कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई। हालांकि किसानों का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समस्याओं का स्थायी समाधान चाहिए। भाकियू नेता विकास शर्मा ने स्पष्ट किया कि 17 नवंबर को सिसौली की मासिक पंचायत में इस मुद्दे को पूरी मजबूती से उठाया जाएगा। इसके बाद 18 नवंबर को रोहाना शुगर मिल पर किसानों की एकजुटता के साथ प्रदर्शन और तालाबंदी की जाएगी।

इसे भी पढ़ें:  टीबी मुक्त भारत अभियान: दौराला ब्लॉक में स्वास्थ्य शिविर, 38 संभावित मरीज चिन्हित
Share This Article