पुंछ में बाढ़ और भूस्खलन ने मचाई तबाही, 11 की मौत

पुंछ । पुंछ जिले में भारी बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ और भूस्खलन से सुरनकोट सहित कई इलाकों में भारी तबाही हुई है, जिसमें अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग लापता हैं। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में भारी बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। शनिवार देर रात से रविवार सुबह तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाकों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं। हादसों में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। वहीं कम से कम चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। जिले की सुरनकोट तहसील में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है। यहां कई घर भूस्खलन की चपेट में आ गए। प्रशासन, पुलिस और सेना की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। लोअर मड़ा गांव में भूस्खलन से एक मकान मलबे में दब गया। इस हादसे में मकान मालिक मोहम्मद लतीफ और उनके परिवार के पांच अन्य सदस्य लापता हो गए। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान मलबे से आठ शव बरामद किए गए हैं। संगलेयानी गांव में मकान गिरने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वहीं मरहोट गांव में इरम नाम की नाबालिग लड़की तेज बहाव वाले नाले में बह गई और उसकी मौत हो गई। धुंधक लठूंग पुल के पास एक नाले से एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया है। पुंछ के नूनाबांडी गांव में भी भारी बारिश के कारण एक मकान गिर गया, जिसमें 28 वर्षीय नाजिया कौसर की मौत हो गई। उनके पति मोहम्मद हफीज और दो से छह वर्ष की उम्र के तीन बच्चों को घायल अवस्था में बचाया गया। सभी घायलों को राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।

इसे भी पढ़ें:  अरावली में अवैध खनन पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, बनेगी हाई-लेवल एक्सपर्ट कमेटी
Share This Article