बुढ़ाना। मुजफ्फरनगर के फुगाना थाना क्षेत्र के गांव हबीबपुर सीकरी में रविवार देर शाम एक जर्जर कच्चा मकान अचानक गिर गया। मलबे में दबने से एक ही परिवार के 60 वर्षीय बुजुर्ग और चार बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
हादसे के समय परिवार के सदस्य मकान के भीतर मौजूद थे। मिट्टी और कड़ियों से बना मकान अचानक ढह गया और अंदर मौजूद सात लोग मलबे के नीचे दब गए।
मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर मलबा हटाना शुरू किया। घटना की सूचना मिलने पर फुगाना थाना प्रभारी दीपक चौधरी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जेसीबी मशीनें बुलाकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से मलबा हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला।
पुलिस की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, हादसे में परिवार के मुखिया इस्लाम पुत्र नानू और चार बच्चों की मौत हुई है।
मृतकों की पहचान:
इस्लाम पुत्र नानू — 60 वर्ष
रुखसार — 10 वर्ष
अहद — 5 वर्ष
अलसीबा — 4 वर्ष
जीशान — 1 वर्ष
आठ वर्षीय रुकईया और सात वर्षीय समईया को मलबे से घायल अवस्था में निकाला गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की और घायलों के उपचार की जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने भी मौके पर पहुंचकर राहत अभियान की कमान संभाली। देर रात तक चले अभियान के बाद मलबा हटाने का कार्य पूरा किया गया।
