मुजफ्फरनगर दंगा याद है!…..मंत्री कपिल देव ने शेयर की नई वीडियो

2013 के मुजफ्फरनगर दंगों का वीडियो साझा कर मंत्री कपिल देव ने शिवपाल यादव पर साधा निशाना, कहा- “मुजफ्फरनगर कुछ नहीं भूला, आजम खां को गृहमंत्री बनाने का सपना जनता पूरा नहीं होने देगी”

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने सपा नेता शिवपाल यादव के बयान को लेकर सोशल मीडिया पर तीखा हमला बोला है। मंत्री ने अपनी फेसबुक वॉल पर वर्ष 2013 में कवाल कांड के बाद मुजफ्फरनगर में हुए साम्प्रदायिक दंगों से संबंधित एक नया वीडियो साझा करते हुए सपा पर निशाना साधा।
इस वीडियो के साथ की गई अपनी पोस्ट में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने पोस्ट में कहा कि “शिवपाल यादव जी, मुजफ्फरनगर कुछ नहीं भूला है। मुजफ्फरनगर दंगे के जख्म आज भी लोगों की यादों में हैं। ऐसे में आजम खां को गृहमंत्री बनाने का आपका सपना उत्तर प्रदेश की जनता कभी पूरा नहीं होने देगी।” उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश ने दंगों का दौर देखा है, वह अब दंगा और तुष्टिकरण की राजनीति नहीं, बल्कि सुशासन और कानून का राज चाहता है।

इसे भी पढ़ें:  खालापार पुलिस ने किया चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार, एक लाख रुपये बरामद

मंत्री कपिल देव द्वारा साझा किए गए वीडियो में वर्ष 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान की मीडिया कवरेज के फोटो और वीडियो अंश शामिल किए गए हैं। वीडियो में सपा नेता शिवपाल यादव का एक बयान भी दिखाया गया है, जिसमें पत्रकारों द्वारा आजम खां को रक्षा मंत्री बनाए जाने को लेकर सवाल पूछे जाने पर शिवपाल यादव की प्रतिक्रिया दिखाई गई है। इसमें शिवपाल हंसी ठहाकों के बीच पूछे गये इस सवाल के जवाब में कह रहे हैं, रक्षा मंत्री नहीं, पहले गृह मंत्री बनाएंगे। इसी बयान को लेकर भाजपा सपा के खिलाफ मुखर नजर आ रही है। मंत्री कपिल देव अग्रवाल द्वारा शेयर की गई इस वीडियो के बैकग्राउंड में दंगों की घटनाओं और उनके प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि मुजफ्फरनगर दंगों में 60 से अधिक लोगों की जान गई और हजारों लोगों को पलायन करना पड़ा। साथ ही करोड़ों रुपये की संपत्ति के नुकसान का भी जिक्र किया गया है। वीडियो में शिवपाल यादव के बयान के बाद भाजपा की ओर से सपा और आजम खां पर कई गंभीर राजनीतिक आरोप लगाए गए हैं।

इसे भी पढ़ें:  ईओ डॉ. प्रज्ञा के अपमान पर सीएम योगी सख्त: बैठाई विभागीय जांच

वीडियो में कवाल गांव में शाहनवाज की हत्या कर भागते समय भीड़ के हमले में मारे गये दो भाइयों सचिन और गौरव हत्याकांड का भी उल्लेख करते हुए कहा गया है कि आजम खां को गृहमंत्री बनाए जाने की बात मुजफ्फरनगर के लोगों के जख्मों को फिर से हरा करती है। इसके अलावा वीडियो में आजम खां और अतीक अहमद से जुड़े पुराने वीडियो अंश भी शामिल किए गए हैं। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि प्रदेश की जनता दंगा और तुष्टिकरण की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है और आगामी चुनाव में भी जनता भाजपा को समर्थन देगी। भाजपा नेता द्वारा साझा किए गए इस वीडियो को लेकर जिले की राजनीति में सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

इसे भी पढ़ें:  देवबंद पुलिस गिरफ्तारी: जिला बदर अभियुक्त पकड़ा गया
Share This Article