शिवरात्रि पर शिव चौक पर उमड़ा आस्था का सैलाब, भगवान शिव का पंचामृत अभिषेक, मंदिरों पर रही भारी सुरक्षा व्यवस्था, गांव-देहात के शिवालयों में भी उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
मुजफ्फरनगर। सावन शिवरात्रि के पावन पर्व पर मंगलवार को बारिश और दिनभर छाए रहे काले घने बादलों के बीच भी शिवभक्ति की आस्था परवान चढ़ी। सुबह से ही शहर के शिव चौक सहित गांव देहात में स्थित प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। हाथों में गंगाजल, बेलपत्र और पूजा सामग्री लिए शिवभक्त भगवान आशुतोष के जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचते रहे। शहर का हृदय स्थल शिव चौक दिनभर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा। बारिश की फुहारों और ठंडी हवाओं के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पंचामृत एवं जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की कामना की।
मंगलवार को शिवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया। तापमान में गिरावट के कारण उमस से राहत मिली, लेकिन मौसम की परवाह किए बिना बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिवालयों की ओर बढ़ते रहे। महाशिवरात्रि के पर्व को लेकर मंदिरों में सुबह से ही विशेष धार्मिक आयोजन शुरू हो गए थे। महिला, पुरुष और बच्चों के साथ बड़ी संख्या में शिवभक्त भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे।

शिव चौक स्थित शिव मूर्ति मंदिर के पुजारी पंडित विकास भारद्वाज ने बताया कि शिवरात्रि के अवसर पर सुबह करीब तीन बजे आरती के बाद चार बजे से जलाभिषेक शुरू हुआ। भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प और फल लेकर श्रद्धालु कतारबद्ध होकर भगवान शिव का अभिषेक करते नजर आए। शिव मूर्ति मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
यहां पर हरिद्वार से गंगाजल लेकर मुजफ्फरनगर पहुंचे कांवड़ियों के लिए जलाभिषेक की अलग व्यवस्था की गई थी। कांवड़ियों ने भी शिव चौक पहुंचकर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया। पर्व के अवसर पर दोपहर में विशेष आरती तथा रात में महाआरती का आयोजन किया गया। दोपहर को सिटी मजिस्ट्रेट तो रात्रि में डीएम और एसएसपी सहित अन्य अतिथियों ने भगवान शिव का पूजन किया। शिव मूर्ति संचालक मंडल के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का स्वागत किया। शिव चौक पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग और अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई।
शहर के साथ ही जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में भी सावन शिवरात्रि पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही प्रमुख शिवालयों और सिद्धपीठ महादेव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। मंदिरों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और फल अर्पित किए। संभलहेड़ा स्थित सिद्धपीठ महादेव मंदिर में पंचमुखी शिवलिंग के अभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। वहीं सांझक के शिव-पार्वती मंदिर में जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। सिसौली के होली चौक स्थित शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। चरथावल के महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। बारिश और बदले मौसम के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। सुबह से लेकर दिनभर मंदिरों में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का सिलसिला चलता रहा। सावन शिवरात्रि के अवसर पर पूरा जनपद शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
