कांवड़ यात्रा ड्यूटी में लापरवाही पर चार सफाईकर्मी निलंबित

कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था की लगातार हो रही निगरानी, निरीक्षण में मिले थे गैर हाजिर

डीपीआरओ ने की सख्त कार्रवाई, ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और आदेशों की अवहेलना पर गिरी गाज

मुजफ्फरनगर। श्रावण महाशिवरात्रि कांवड़ यात्रा के दौरान स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। कांवड़ मार्ग पर तैनात चार सफाईकर्मियों के अपने दायित्वों का निर्वहन न करने पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई के बाद पंचायत विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशों के अनुपालन में श्रावण महाशिवरात्रि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में जिला पंचायत राज अधिकारी रेणु श्रीवास्तव लगातार कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर स्वच्छता, पेयजल, सामुदायिक शौचालयों तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का जायजा ले रही हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) के माध्यम से व्यवस्थाओं का समयबद्ध अनुपालन भी सुनिश्चित कराया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें:  चार साल से लगातार चार्ज पर रहे महावीर को हटाकर थानेदार बने इंस्पेक्टर इंद्रजीत

15 जुलाई को कांवड़ यात्रा मार्ग के निरीक्षण के दौरान विकास खंड मोरना क्षेत्र में तैनात चार सफाईकर्मियों द्वारा ड्यूटी में लापरवाही और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना का मामला सामने आया। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से चारों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया। निलंबित किए गए कर्मचारियों में ग्राम पंचायत ककराला के सफाईकर्मी बिन्नू, ग्राम पंचायत बरूकी की सफाईकर्मी विमलेश, ग्राम पंचायत गादला के सफाईकर्मी सचिन कुमार तथा ग्राम पंचायत भोपा के सफाईकर्मी कंवरपाल शामिल हैं।

इसे भी पढ़ें:  बारिश से तबाही का मंजरः नंगला राई में नहर की पटरी टूटी, खेत जलमग्न

प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन के दौरान स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में कोताही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। डीपीआरओ की इस कार्रवाई के बाद पंचायत विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है और यात्रा मार्ग पर तैनात अन्य सफाईकर्मी भी अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन को लेकर अधिक सतर्क नजर आ रहे हैं।

इसे भी पढ़ें:  बेसिक शिक्षा अधिकारी पर भ्रष्टाचार और उत्पीड़न के आरोप, कार्रवाई की मांग
Share This Article