बाबू हरबंस लाल गोयल को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों को आत्मसात करने का सभी ने लिया संकल्प
मुजफ्फरनगर। एम.जी. पब्लिक स्कूल के संस्थापक अध्यक्ष कर्मयोगी स्वर्गीय बाबू हरबंस लाल गोयल की 104वीं जयंती मंगलवार को विद्यालय परिसर में श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने बाबू के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का भावपूर्ण स्मरण करते हुए उनके सेवा, संस्कार, सत्य वचन, परिश्रम और समाज कल्याण के आदर्शों को आत्मसात करने तथा उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ एम.जी. चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन सतीश चंद गोयल, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भीम सेन कंसल, उपाध्यक्ष विनीत सिंघल, कोषाध्यक्ष रोहित सिंघल एवं अन्य अतिथियों के आगमन से हुआ। प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इसके उपरांत सभी ने विद्यालय परिसर में स्थापित बाबू हरबंस लाल गोयल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनका भाव स्मरण करते हुए नमन किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ एम.जी. पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत भजन स्वर भक्ति के साथ हुआ। शिक्षिका श्रीमती वारिका शर्मा ने अपने वक्तव्य में बाबू के प्रेरणादायी व्यक्तित्व और समाजसेवा के प्रति उनके समर्पण पर प्रकाश डाला, जबकि शिक्षिका श्रीमती सुषमा गर्ग ने उनके जीवन परिचय के माध्यम से उनके आदर्शों और कार्यों को उपस्थित जनसमूह के समक्ष रखा।

एम.जी. पब्लिक स्कूल एवं एम.जी. वर्ल्ड विजन स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भजन, समूहगान एवं मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया। संगीत शिक्षक विपुल छाबड़ा ने भगवान शिव को समर्पित भजन शिवार्चनम् तथा देशभक्ति गीत की प्रस्तुति देकर उपस्थित सभी को सनातन संस्कृति और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया।

बाबू की शिक्षा और प्रोत्साहन की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए एम.जी. चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन सतीश चंद गोयल ने विद्यालय की शैक्षिक सत्र 2026-27 की कक्षा 12 की छात्राओं को स्मृति चिन्ह स्वरूप चांदी के सिक्के प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में सतीश चंद गोयल ने कहा कि उन्हें अपने माता-पिता से समाज सेवा की अमूल्य विरासत मिली है। उन्होंने कहा कि अधिकांश लोग अपने बच्चों के लिए संपत्ति छोड़कर जाते हैं, जबकि बाबू हरबंस लाल गोयल ने पारिवारिक विरासत के रूप में हमें सामाजिक सेवा कार्य के साथ ही सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए गौ सेवा, गंगा सेवा और मानव सेवा की अमूल्य विरासत प्रदान की। उन्होंने कहा कि बाबू ने सेवा, सत्य और परिश्रम के जिस पौधे को अपने जीवन में रोपित किया था, उसे आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है और हम निरंतर इसके लिए प्रयारसत हैं।

कार्यक्रम के दौरान लायंस क्लब इंटरनेशल की ओर से समाजसेवी सतीश चंद गोयल को शिक्षा, समाजसेवा और सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए किये गये कार्यों के आधार पर क्लब की ओर से मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। क्लब के वेस्ट यूपी के डिप्टी गर्वनर मुकेश अरोरा ने सतीश चंद गोयल को मेडल पहनाकर सम्मान प्रदान किया।
प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग ने कहा कि बाबू हरबंस लाल गोयल ने युवा पीढ़ी के चरित्र निर्माण, सेवा भावना और संस्कारों को विकसित करने के उद्देश्य से इस शिक्षण संस्थान की स्थापना की थी। उनके आदर्श आज भी विद्यालय परिवार को शिक्षा के साथ संस्कार प्रदान करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि बाबू का संपूर्ण जीवन सत्य, परिश्रम, सादगी और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा। शिक्षा को समाज उत्थान का माध्यम बनाकर उन्होंने जो मिशन शुरू किया, वह आज भी विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है। उनके विचारों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्चा समर्पण होगा।
कार्यक्रम में एम.जी. चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष सतीश चंद गोयल, विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष विनीत सिंघल, कोषाध्यक्ष रोहित सिंघल के अलावा एम.जी. वर्ल्ड विजन स्कूल की प्रिंसीपल डॉ. मृणालिनी अनन्त, सीए अजय अग्रवाल, श्रीमती रीना अग्रवाल, मुकेश अरोरा, नरेश नंदन, हरिओम शर्मा, सत्यवीर सिंह, एडीजीसी विक्रांत राठी एडवोकेट, सानुज मलिक एडवोकेट, निखिल कुमार, पंकज कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समस्त शिक्षिक-शिक्षिकाओं एवं अन्य स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।
