छपार में घरेलू क्लेश के चलते विवाहिता फंदे पर झूली, रोहाना में पत्नी के गम में अवसाद ग्रस्त अधेड़ ने पेड़ से लटककर की खुदकुशी
मुजफ्फरनगर। जनपद के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में रविवार को दो लोगों ने मानसिक तनाव और अवसाद के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छपार थाना क्षेत्र के गांव रामपुर में जहां ससुराल पक्ष से चल रहे मनमुटाव के कारण एक विवाहिता ने घर के भीतर फंदा लगा लिया, वहीं शहर कोतवाली क्षेत्र के रोहाना कलां में पत्नी की मौत के गम में डूबे एक अधेड़ ने पेड़ से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामलों की जांच शुरू कर दी है।
छपार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव रामपुर में गृह क्लेश के चलते एक 30 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छपार थाना प्रभारी से मिली जानकारी के अनुसार, रामपुर में अपनी ससुराल में रह रही रचना का पिछले कुछ समय से अपने पति और ससुराल वालों के साथ मनमुटाव चल रहा था। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात क्लेश से तंग आकर रचना ने अपने कमरे में फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही रामपुर तिराहा चौकी इंचार्ज रूपेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस के मुताबिक, रचना की शादी को करीब दस साल का समय हो चुका था। दोपहर बाद तक भी मृतका के मायके पक्ष या परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
दूसरी ओर, शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव रोहाना कलां में रविवार सुबह एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान गांव के ही निवासी धनीराम पेंटर (50) पुत्र आनंद के रूप में हुई है। रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब ग्रामीण खेतों की तरफ जा रहे थे, तब उन्होंने आम के पेड़ पर रस्सी के सहारे धनीराम का शव लटका देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले धनीराम की पत्नी का निधन हो गया था। पत्नी की मौत के बाद से ही वह गहरे मानसिक तनाव और अवसाद में चल रहा था। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली प्रभारी बृजेश शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।






