फेडरेशन ने लगाया शीतल जल का प्याऊ, मीनाक्षी-अंजू ने बांटा शरबत

नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने फीता काटकर किया फेडरेशन की मासिक प्याऊ सेवा का शुभारंभ

मुजफ्फरनगर। भीषण गर्मी के बीच राहगीरों और आमजन को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ मुजफ्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा मेरठ रोड स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट के मुख्य द्वार के सामने वार्षिक प्याऊ सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। गत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए शुरू किए गए इस जनसेवा अभियान का उद्घाटन नगरपालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप तथा पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अंजू अग्रवाल ने फीता काटकर किया।

नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने अपने संबोधन में कहा कि भीषण गर्मी के दौरान प्याऊ सेवा जैसे जनहितकारी कार्य समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने फेडरेशन ऑफ मुजफ्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाओं का सहयोग प्रशासनिक प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाता है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों और राहगीरों को राहत पहुंचाने वाली ऐसी सेवाएं समाज में सकारात्मक संदेश देती हैं और सेवा भाव को प्रोत्साहित करती हैं।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-यातायात जागरुकता शिविर में मीठे शरबत का वितरण

उद्घाटन अवसर पर फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सेवा शिविर प्रतिवर्ष गर्मी के मौसम में संचालित किया जाता है। इसका उद्देश्य राहगीरों, श्रमिकों, व्यापारियों और आम नागरिकों को गर्मी से राहत प्रदान करना है। शिविर में आने-जाने वाले सभी लोगों को निःशुल्क शीतल जल एवं मीठा शरबत उपलब्ध कराया जाएगा। फेडरेशन अध्यक्ष नीलकमलपुरी ने कहा कि संस्था सामाजिक सरोकारों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रही है और समय-समय पर जनहित के विभिन्न कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी फेडरेशन इसी प्रकार के सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखेगा।

इसे भी पढ़ें:  मंत्री कपिल देव सीएम योगी से मिले, कहा-मेरा मुजफ्फरनगर देखने आओ सरकार

फेडरेशन के कोषाध्यक्ष आशीष बंसल ने बताया कि शिविर के संचालन में विभिन्न संस्थाओं और सहयोगकर्ताओं का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। टिकोला शुगर मिल के स्वामी अमित स्वरूप द्वारा चीनी उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि टेंट की व्यवस्था गांधी टेंट हाउस द्वारा की गई है। आयोजकों के अनुसार यह सेवा शिविर पूरे माह संचालित रहेगा। प्याऊ सेवा का संचालन फेडरेशन के सभी सदस्यों और सहयोगकर्ताओं के सहयोग से किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें:  देश के नाराज कॉकरोच बदल सकते हैं सियासी समीकरणः राकेश टिकैत

फेडरेशन के सचिव अभिषेक अग्रवाल ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, सहयोगकर्ताओं और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक पुण्य एवं जनहितकारी कार्य है, जिसे फेडरेशन प्रत्येक वर्ष निरंतर संचालित करता रहेगा। इस अवसर पर सह सचिव आशीष गर्ग, उपाध्यक्ष अश्वनी मित्तल एवं राकेश जैन, पंकज मित्तल, पूर्व अध्यक्ष अंकित संगल, अशोक अग्रवाल, जीशान अहमद, सत्य प्रकाश, रिशु, सरदार अहमद, अमित गर्ग, शशांक मित्तल, शारिक सुल्तान, आकाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में फेडरेशन सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share This Article