सलाखों के पार भी कायम रहा भाई-बहन का प्यार, जिला कारागार में भावुक हुए रिश्ते, भाइयों की जल्द रिहाई के लिए बहनों ने मांगी दुआ, मुस्लिम बहनों ने भी निभाई परंपरा
मुजफ्फरनगर। जेल की ऊंची दीवारें, लोहे की सलाखें और पहरेदारों की निगरानी भी भाई-बहन के अटूट रिश्ते की डोर को कमजोर नहीं कर सकीं। भाईदूज के पर्व पर जिला कारागार में ऐसा भावुक नजारा देखने को मिला, जहां बहनों के हाथों से भाइयों के माथे पर लगा तिलक और उनकी आंखों में छलकते आंसू रिश्तों की गहराई बयां कर रहे थे। कोई बहन अपने भाई की लंबी उम्र की कामना लेकर पहुंची थी तो कोई उसकी सलामती और जल्द घर वापसी की दुआ मांगने आई थी।
भाई दूज के पर्व पर बुधवार सुबह से ही जिला कारागार के बाहर बहनों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। हाथों में मिठाई के डिब्बे, पूजा की थालियां और भाइयों के लिए छोटे-छोटे उपहार लेकर पहुंची महिलाएं घंटों कतार में खड़ी होकर अपनी बारी का इंतजार करती रहीं। इस दौरान हिंदू बहनों के साथ मुस्लिम बहनें भी अपने भाइयों से मिलने पहुंचीं। धर्म और मजहब की सीमाओं से परे बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनके सुखद जीवन की कामना की। कई बहनों ने भाइयों के जल्द जेल से बाहर आने के लिए दुआ और प्रार्थना भी की।

कारागार के भीतर जब बहनों का सामना अपने भाइयों से हुआ तो कई पल ऐसे आए, जिन्होंने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया। किसी बहन ने भाई के माथे पर तिलक लगाकर मिठाई खिलाई तो किसी ने उपहार देकर उसे ढांढस बंधाया। लंबे समय से अपनों से दूर रह रहे बंदियों के लिए बहनों की यह मुलाकात किसी बड़ी खुशी से कम नहीं थी। भाई भी बहनों को सामने देखकर अपने आंसू नहीं रोक सके। कुछ देर की मुलाकात में किसी ने घर-परिवार का हाल जाना तो किसी ने भाई को हिम्मत रखने और जल्द लौटने की उम्मीद बंधाई।

बहनों की भारी भीड़ को देखते हुए जेल प्रशासन ने मुलाकात के लिए शिफ्टवार व्यवस्था की थी। सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। प्रतीक्षारत महिलाओं की सुविधा के लिए जेल के बाहर टेंट लगाया गया तथा पीने के पानी की व्यवस्था की गई। साथ आए छोटे बच्चों को बिस्किट और टॉफियां भी वितरित की गईं। जेल अधीक्षक अभिषेक चौधरी ने बताया कि भाईदूज पर बंदियों से मिलने आने वाली सभी बहनों को मुलाकात का अवसर देने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। भीड़ को देखते हुए मुलाकात शिफ्टवार कराई गई, ताकि व्यवस्था बनी रहे और महिलाओं को अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि देर तक भी मुलाकात कराई जाएगी, जिससे कोई बहन अपने भाई से मिले बिना वापस न लौटे। जेल में निरुद्ध महिला बंदियों से मिलने आने वाले उनके भाइयों की मुलाकात की व्यवस्था भी की गई थी।
