मुजफ्फरनगर-गौकश बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, दो को लगी गोली

तावली-लच्छेड़ा मार्ग के जंगल में घेराबंदी के दौरान हुई फायरिंग, तीन गोवंश मुक्त कराए; तीन आरोपी अंधेरे में भागे

मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र के जंगल में गोवंश को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे आरोपियों का पुलिस से सामना हो गया। घेराबंदी के दौरान दोनों ओर से हुई फायरिंग में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके एक साथी को पुलिस ने तलाशी अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मौके से तीन गोवंश को मुक्त कराने के साथ ही तीन तमंचे, कारतूस, गोकशी के उपकरण, दो मोटरसाइकिल और एक क्रेटा कार बरामद की गई। हालांकि, मुठभेड़ के दौरान तीन अन्य आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार होने में कामयाब रहे।

इसे भी पढ़ें:  पालिका में फर्जीवाडा-टीएस को ईओ ने भेजा नोटिस, मांगा जवाब

सीओ बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह के अनुसार, 10 और 11 नवंबर की मध्यरात्रि शाहपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि तावली से लच्छेड़ा जाने वाले मार्ग पर जंगल में कुछ लोग गोवंश के साथ मौजूद हैं। उनके इरादे संदिग्ध बताए गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी। वहां तीन गोवंश के पास कुछ लोग खड़े मिले। उनके आसपास दो मोटरसाइकिल और एक क्रेटा कार भी खड़ी थी। पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने बच निकलने का प्रयास किया और पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने उन्हें चेतावनी देकर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोपियों की ओर से गोलियां चलती रहीं। जवाबी कार्रवाई में नदीम और बिलाल गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। इसी दौरान घेराबंदी और जंगल में चलाए गए कॉम्बिंग अभियान के दौरान आसिफ को भी गिरफ्तार कर लिया गया। तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।

इसे भी पढ़ें:  91 करोड़ से बना एसटीपी काली के स्वरूप को कर रहा दूषित

पुलिस ने घटनास्थल से तीन जिंदा गोवंश बरामद किए। इसके अलावा तीन तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस भी मिले। गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए। वाहनों में एक बजाज पल्सर, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और हुंडई क्रेटा कार शामिल है। बरामद क्रेटा का नंबर डीएल-5-सीएच-1438 बताया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम पुत्र सलीम निवासी गहराबाग थाना खालापार, बिलाल पुत्र अलीशेर निवासी रहमतनगर थाना खालापार और आसिफ पुत्र आबिद निवासी गांव तावली थाना शाहपुर के रूप में हुई है। नदीम और बिलाल मुठभेड़ में घायल हुए हैं। मुठभेड़ के दौरान फरार हुए आरोपियों की पहचान आरिफ पुत्र अकबर निवासी गांव तावली, शहनवाज पुत्र इरफान उर्फ फानू निवासी गांव तावली और फैसल पुत्र एहसान निवासी रहमतनगर के रूप में हुई है। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

इसे भी पढ़ें:  आनंद गुप्ता और प्रियांशु जैन ने थामा कृष्णगोपाल मित्तल का हाथ
Share This Article