सुजडू की रतन मार्केट में अबरार मेडिकल स्टोर को बनाया निशाना, गल्ले से हजारों रुपये समेट ले गए चोर
मुजफ्फरनगर। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ही शहर में चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारियों की चिंता भी बढ़ने लगी है। खालापार थाना क्षेत्र के सुजडू स्थित रतन मार्केट में अज्ञात चोरों ने एक मेडिकल स्टोर को निशाना बनाते हुए छत के रास्ते दुकान में सेंध लगा दी। चोर दुकान के गल्ले में रखी हजारों रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक ने जब अंदर का नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए।
जानकारी के अनुसार, सुजडू की रतन मार्केट में अबरार उस्मानी का अबरार मेडिकल स्टोर है। बीती देर रात अज्ञात चोरों ने बाजार की गतिविधियां शांत होने के बाद मेडिकल स्टोर को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोर छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए। इसके लिए उन्होंने छत में सेंध लगाई और अंदर पहुंचकर गल्ले को खंगाल डाला। चोरों ने वहां रखी हजारों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से निकल गए। रात के समय बाजार में आवाजाही कम होने के कारण किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी।

मेडिकल स्टोर संचालक अबरार उस्मानी रोजाना की तरह जब बुधवार की सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी का पता चला। जांच करने पर गल्ले से नकदी गायब मिली। दुकान में सेंधमारी देखकर उन्होंने बिना देर किए पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही डायल 112 पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर छानबीन शुरू की। पुलिस ने चोरी के तरीके और आसपास की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई। मेडिकल स्टोर संचालक अबरार उस्मानी ने बताया कि इसी दुकान में करीब तीन-चार साल पहले भी चोरी की वारदात हो चुकी है। उस समय भी उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन उनके अनुसार पुरानी घटना का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। दोबारा दुकान को निशाना बनाए जाने से संचालक में नाराजगी और असुरक्षा की भावना है।
