छपार दुष्कर्म कांड में भाजपा नेत्री ममता अग्रवाल ने पीड़िता के गांव पहुंचकर परिजनों को दिलाया कठोर कार्यवाही का विश्वास, कहा-मिलेगी सख्त सजा
मुजफ्फरनगर। छपार थाना क्षेत्र के छपरा गांव में जन्माष्टमी की पावन रात्रि को एक 13 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ हुई अपहरण और दुष्कर्म की जघन्य वारदात से क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय जनता पार्टी की जिला मंत्री एवं समाजसेविका ममता अग्रवाल भाजपा नेत्री अंजली चौधरी के साथ पीड़िता के गांव पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि पूरी सरकार, संगठन और समाज इस कठिन घड़ी में उनके साथ खड़ा है।

ममता अग्रवाल ने वारदात की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि जन्माष्टमी जैसे पावन पर्व की संध्या पर एक अबोध बालिका को अगवा कर दुष्कर्म करना अति हृदयविदारक एवं घिनौना अपराध है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन ऐसे जघन्य अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए समाज और प्रशासन को और अधिक सख्त रुख अपनाना होगा। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कब तक मासूम बेटियों को इस प्रकार की मानसिकता का शिकार होना पड़ेगा? यह पूरे समाज के लिए एक गंभीर चिंतन का विषय है।
भाजपा जिला मंत्री ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून का शासन स्थापित है। राज्य सरकार की सख्त नीति के तहत दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्थानीय नागरिकों एवं समाज से अपील की कि संकट की इस घड़ी में पीड़िता और उसके परिवार को मानसिक व सामाजिक संबल प्रदान करें।
