कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर एडीजी भानु भास्कर की पैनी नजर, देर रात पैदल भ्रमण कर किया कांवड़ मार्ग का निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) भानु भास्कर ने रविवार देर रात मुजफ्फरनगर पहुंचकर कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने शिव चौक से लेकर अहिल्याबाई चौक, मदीना चौक तथा हाईवे स्थित कांवड़ मार्ग तक पैदल गश्त कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया और उनकी यात्रा की कुशलक्षेम भी पूछी।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने कांवड़ मार्ग पर बनाए गए पुलिस सहायता केंद्रों, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन निगरानी और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस, पीएसी, होमगार्ड और अन्य सुरक्षा बलों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

एडीजी ने पैदल गश्त के दौरान शिवभक्तों से बातचीत कर उनकी यात्रा संबंधी अनुभवों की जानकारी ली। शिव चौक पर कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया, जिससे श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कई कांवड़ियों ने पुलिस-प्रशासन की ओर से की गई सुरक्षा और सुविधाओं की सराहना भी की। निरीक्षण के दौरान रामपुर तिराहा स्थित अस्थायी थाने का भी निरीक्षण किया गया। वहां उपलब्ध सुरक्षा इंतजाम, पुलिस बल की तैनाती, संचार व्यवस्था और आवश्यक संसाधनों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एडीजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के समापन तक पूरे कांवड़ मार्ग पर लगातार निगरानी बनाए रखी जाए। भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को समाप्त करने के लिए सभी सुरक्षा उपायों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी नेटवर्क और अन्य तकनीकी संसाधनों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखने तथा आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर अमित जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, सहायक पुलिस अधीक्षक नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
