गौशाला परिसर से कई दिनों से हो रही थी गमलों और पौधों की चोरी, भाजपा नेत्री रेणु गर्ग ने पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग
मुजफ्फरनगर। शहर में गमलों की लगातार हो रही चोरी का मामला अब सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। मंडी समिति क्षेत्र स्थित गौशाला परिसर में लगाए गए गमलों और पौधों की चोरी से परेशान लोगों को रविवार को उस समय अहम सुराग मिला, जब एक युवक चोरी करते हुए सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, गौशाला परिसर में भाजपा नेत्री एवं स्काउट-गाइड्स से जुड़ी रेणु गर्ग की टीम द्वारा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से कई गमले और पौधे लगाए गए थे। पिछले कई दिनों से यहां से लगातार गमले चोरी हो रहे थे, जिससे स्थानीय लोगों और टीम के सदस्यों में नाराजगी थी। रविवार को सामने आई सीसीटीवी फुटेज में एक युवक काले रंग के स्कूटर पर मौके पर पहुंचता दिखाई देता है। युवक ने काले रंग के कपड़े पहन रखे हैं। फुटेज में वह आराम से एक गमला उठाकर अपने स्कूटर पर रखता है और वहां से फरार हो जाता है। पूरी घटना कैमरे में कैद होने के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके आधार पर लोगों ने आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।

भाजपा नेत्री रेणु गर्ग ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से लगाए गए पौधों और गमलों की चोरी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए पौधों और गमलों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो जाएंगे। वहीं वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
