नाबालिग से दुष्कर्म के वांछित आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़, पैर में गोली लगने से हुए घायल, रेता नंगला के जंगल में घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग का आरोप
मुजफ्फरनगर। थाना छपार क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को थाना छपार क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था। इस संबंध में थाना छपार में मुकदमा अपराध संख्या 188/2026 के तहत धारा 137(2), 65(1), 61(2) बीएनएस और 3/4 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समीर को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो अन्य आरोपी फरार चल रहे थे।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिस टीमों का गठन किया गया था। रविवार को थाना छपार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में वांछित आरोपी रेता नंगला के जंगल में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जंगल में घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि टीम को देखकर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों को चेतावनी देकर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, लेकिन आरोपियों ने फायरिंग जारी रखी। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की।
पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में सलमान पुत्र लताफत, निवासी ग्राम छपरा, थाना छपार, उम्र करीब 32 वर्ष और अव्वलीन पुत्र सलीम, निवासी ग्राम छपरा, थाना छपार, उम्र करीब 23 वर्ष पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस .315 बोर बरामद किए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना छपार पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
