ऊपरी मंजिल में रह रहे परिवार को पड़ौसी की छत से उतारकर बचाया, चार्जिंग पर लगी थी स्कूटी, शॉर्ट सर्किट की आशंका
देवबंद। जनपद सहारनपुर के कस्बा देवबंद के मजनूवाला रोड पर आजाद भारत फर्नीचर हाउस में रविवार सुबह शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही शोरूम में रखा लाखों रुपये कीमत का फर्नीचर समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। दमकलकर्मियों ने ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इमलिया गांव निवासी अमीर आलम का मजनूवाला रोड पर फर्नीचर शोरूम है। वह परिवार के साथ शोरूम की ऊपरी मंजिल पर परिवार सहित रहते हैं। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 6.30 बजे राहगीरों ने फर्नीचर शोरूम में आग की लपटें उठी देखकर शोर मचा दिया। परिवार के लोग जान बचाने के लिए कमरों में इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई और दमकल विभाग को फोन पर मौके पर बुला लिया। इस बीच आग भयंकर हो चुकी थी और ऊपरी मंजिल में रह रहे परिवार के लोग फंस गए थे। दमकल विभाग के कर्मियों द्वारा स्थानीय लोगों की मदद से शोरूम में फंसे परिवार के सभी चार-पांच लोगों को बगल के मकान पर सीढ़ी लगाकर सुरक्षित बाहर निकाला गया।
आग इतनी भीषण थी कि देवबंद के अलावा सहारनपुर और हापुड़ से ड्यूटी में आई दमकल विभाग की गाड़ियों को भी मौके पर बुलाया गया। अग्निशमन विभाग के प्रभारी रोहित कुमार सिंह ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। वहीं, शोरूम के मालिक अमीर आलम ने बताया कि आग लगने से उनका करीब 50 से 60 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। शोरूम के अंदर से एक इलेक्ट्रिक स्कूटी का जला हुआ ढांचा भी मिला है। इससे प्रतीत होता है कि कहीं स्कूटी में चार्जिंग के दौरान हुए शार्ट सर्किट से तो शोरूम में आग नहीं लगी है। पुलिस का कहना है कि जानकारी मिली है कि शोरूम में इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग पर लगी हुई थी। इससे हुए शार्ट सर्किट से ही प्रथम दृष्टता आग लगने का कारण माना जा रहा है। फिर भी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
