खतौली सरस्वती विद्या मंदिर परीक्षा परिणाम सोमवार को उत्साह और गरिमामय माहौल में घोषित किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया, जिससे पूरे वातावरण में खुशी का माहौल नजर आया। कार्यक्रम के दौरान प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मंच पर बुलाकर पुरस्कार और प्रमाण पत्र दिए गए।
मुख्य अतिथि मदन छाबड़ा ने अपने हाथों से सभी मेधावियों को सम्मानित किया। विद्यालय की टॉपर वैष्णवी, कीर्ति और निझ्ररा रहीं, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय का नाम रोशन किया। मुख्य अतिथि मदन छाबड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करते रहना चाहिए, जिससे वे अपने माता-पिता और विद्यालय का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने अनुशासन, परिश्रम और लगन को सफलता की कुंजी बताया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डी डी आर्य और भारत भूषण शर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक गुप्ता ने की, जबकि विद्यालय प्रबंधक राकेश शर्मा और प्रधानाचार्य सीताराम शर्मा की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन विमल चौहान द्वारा किया गया, जो पूरे कार्यक्रम के दौरान आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की अध्यापिकाओं ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समापन के समय विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच खुशी और गर्व का माहौल देखने को मिला।






