बैनामा कराने घर से निकले व्यक्ति का अपहरण, चार दिन बाद मुकदमा

दुकान के बैनामे के लिए तहसील सदर जाते समय लापता हुए महेश कुमार, परिजनों ने जताई हत्या या फिरौती के लिए अपहरण की आशंका

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में एक व्यक्ति के संदिग्ध हालात में लापता होने का मामला अब अपहरण की आशंका में बदल गया है। चार दिनों तक तलाश के बाद परिजनों ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और विभिन्न पहलुओं पर काम शुरू कर दिया है।

थाना खालापार क्षेत्र में एक व्यक्ति के लापता होने का मामला गंभीर होता जा रहा है। ग्राम सुजडू, लीकड़ा पट्टी निवासी महेश कुमार 21 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 10.30 बजे घर से तहसील सदर के लिए निकले थे। बताया गया कि उन्हें अपनी दुकान का बैनामा एक वकील के नाम कराना था, लेकिन इसके बाद से वह घर वापस नहीं लौटे। परिजनों ने पहले उनकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी थी और अपने स्तर पर भी उनकी तलाश की। चार दिनों तक कोई सुराग न मिलने पर मामले ने नया मोड़ ले लिया। लापता व्यक्ति के पुत्र अनिल कुमार ने थाना खालापार में तहरीर देकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है।

इसे भी पढ़ें:  भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की स्मृति में मीनाक्षी स्वरूप ने किया स्वच्छता श्रमदान

शिकायत में बताया गया है कि महेश कुमार के अचानक लापता होने के पीछे आपराधिक साजिश हो सकती है। परिजनों ने आशंका जताई है कि उनका अपहरण कर लिया गया है और इसमें हत्या या फिरौती की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता। थाना खालापार के प्रभारी निरीक्षक बबलू सिंह वर्मा के अनुसार, प्राप्त शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमों को लापता व्यक्ति की तलाश में लगा दिया गया है और आसपास के क्षेत्रों में जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू, गुमशुदगी, अपहरण और संभावित आपराधिक एंगलकृको ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा भी किया जा रहा है। इस घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है और स्थानीय लोग भी जल्द से जल्द व्यक्ति की सकुशल बरामदगी की उम्मीद कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-श्री हरिवृन्दावन सिटी में घर-घर कूड़ा संग्रहण सेवा होगी शुरू
Share This Article