सरसावा/सहारनपुर। देवबंद क्षेत्र के तल्हेड़ी गांव में नकुड़ निवासी दो सगे निहंग सिख भाइयों पर हुए जानलेवा हमले के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से सिख समाज का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को सरसावा क्षेत्र के सिख समाज के लोगों ने थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार को सौंपा।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 7 जून को नकुड़ से देवबंद की ओर जा रहे दो निहंग सिख भाइयों का रास्ते में बाइक टकराने को लेकर कुछ युवकों से मामूली विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी बात को लेकर 10 से 12 युवकों ने दोनों भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए दोनों युवक अभी जिला अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
सिख समाज के लोगों का कहना है कि घटना को कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना बेहद चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले में नामजद व अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन देने पहुंचे प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो सिख समाज सर्व समाज के सहयोग से जिलेभर में बड़ा आंदोलन शुरू करेगा। इस दौरान थाने पर मौजूद लोगों ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और कानून व्यवस्था को लेकर भी आवाज उठाई।
प्रदर्शन के दौरान महेंद्र सिंह फौजी, नरेंद्र सिंह कालरा, तजिंदर सिंह रंगूला, सरदार अवतार सिंह रंगूला, सरदार गुरिंदर सिंह, कृष्ण गोपाल गुंबर, अरुण जुनेजा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।






