दो माह से खतौली में बंद है नए आधार कार्ड बनाने का काम, पूर्व सभासद ने विशेष शिविर लगाने की मांग की
खतौली। नगर में करीब दो माह से नए आधार कार्ड बनाने की सुविधा बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले को लेकर नगर पालिका परिषद के पूर्व सभासद डा. मोहम्मद अथर ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है। डीएम को भेजे पत्र में उन्होंने बताया कि नगर के एसबीआई, मुख्य डाकघर और ट्यूबवेल नंबर चार स्थित आधार केंद्रों पर नए आधार कार्ड नहीं बनाए जा रहे हैं। केंद्रों पर पहुंचने वाले लोगों को मुजफ्फरनगर जाने की बात कहकर वापस कर दिया जाता है। इससे गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों को परेशानी के साथ ही समय और आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि सि(ीक नगर निवासी शौएब सहित कई लोग आधार बनवाने के लिए केंद्रों पर पहुंचे, लेकिन उनका आधार कार्ड नहीं बनाया गया। पूर्व सभासद ने कहा कि आधार कार्ड शिक्षा, राशन और स्वास्थ्य सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं के लिए जरूरी दस्तावेज है। ऐसे में खतौली में नए आधार कार्ड नहीं बनने से आमजन को परेशानी हो रही है। उन्होंने जिलाधिकारी से खतौली के सभी आधार केंद्रों पर नए आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने तथा लंबित आवेदनों के निस्तारण के लिए विशेष निःशुल्क आधार शिविर आयोजित कराने की मांग की है।
