बीआईएस की टीम ने पांच सर्राफा कारोबारियों की दुकानों से लिए सोने के सैंपल, शुद्धता की होगी जांच
मुजफ्फरनगर। जिले के भगत सिंह रोड स्थित सर्राफा बाजार में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब देहरादून मुख्यालय से भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की हॉलमार्क टीम ने अचानक दबिश दी। सोने की शुद्धता की जांच करने पहुंची इस टीम ने बाजार के पांच अलग-अलग प्रतिष्ठानों से सैंपल एकत्रित किए। हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान होली चौक के पास स्थानीय सर्राफा व्यापारियों ने इकट्ठा होकर टीम का घेराव कर लिया, जिससे मौके पर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही।
इस कार्रवाई के दौरान देहरादून से आए बीआईएस अधिकारी श्रीकांत मिश्रा और बीएन सरीन के नेतृत्व में टीम रविवार को मुजफ्फरनगर के सर्राफा बाजार पहुंची थी। टीम ने श्रीराम ज्वैलर्स, प्रकाश ज्वैलर्स और विकास चंद महेश ज्वैलर्स समेत कुल पांच सर्राफा प्रतिष्ठानों से सोने के आभूषणों के सैंपल लिए। कार्रवाई के दौरान जब बीआईएस की टीम होली चौक के समीप स्थित विकास चंद महेश ज्वैलर्स के प्रतिष्ठान पर सैंपलिंग कर रही थी, तभी बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी वहां जमा हो गए। व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध जताते हुए टीम का घेराव कर लिया। स्थिति को भांपते हुए बीआईएस अधिकारियों ने व्यापारियों से बातचीत की और उन्हें जांच व सैंपल लेने की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया।
अधिकारियों के आश्वासन और नियमों की जानकारी देने के बाद व्यापारी शांत हुए, जिसके बाद टीम सैंपल लेकर देहरादून के लिए रवाना हो गई। टीम को लीड कर रहे अधिकारी श्रीकांत मिश्रा ने इस कार्रवाई को विभाग की एक रूटीन प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा, “हम देहरादून मुख्यालय से आए हैं। बाजार में बिकने वाले सोने की शुद्धता की जांच के लिए समय-समय पर सैंपल लिए जाते हैं। रविवार को मुजफ्फरनगर से कुल 5 सैंपल लिए गए हैं। ग्राहकों के हितों की रक्षा के लिए आगे भी इसी तरह के औचक निरीक्षण कर सैंपल लिए जाते रहेंगे।”
