साहिबाबाद। साहिबाबाद हिंडन पुल धार्मिक स्थल विवाद मंगलवार को उस समय गरमा गया जब हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता पुल के नीचे पहुंचे और अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। संगठन ने समुदाय विशेष के धार्मिक स्थल को सरकारी जमीन पर बना बताया और जांच की मांग उठाई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बातचीत के बाद प्रदर्शनकारियों को वापस भेजा गया।
सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप
हिंदू रक्षा दल के सदस्य रविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि हिंडन पुल के नीचे सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर गेट लगा दिए गए हैं। पुल की दीवारों के बीच पुताई कर स्थल को धार्मिक रूप दे दिया गया है। संगठन का दावा है कि करीब एक किलोमीटर के दायरे में छह स्थानों पर इस तरह के कब्जे किए गए हैं।
नगर निगम पर लापरवाही का आरोप
हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच और अवैध कब्जों को हटाने की मांग की है।
पुलिस और प्रशासन को दी गई सूचना
एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि संगठन के लोगों से बातचीत कर उन्हें शांतिपूर्वक वापस भेज दिया गया। प्रशासन को भी पूरे प्रकरण की जानकारी दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और मामले की जांच की जा रही है।






