भाजपा सरकार में युवा बेरोजगार और भविष्य अंधकारः विनीत कुशवाहा

सपा छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा का महानगर अध्यक्ष नदीम मलिक के आवास पर हुआ स्वागत

मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन ने बताया कि समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा के जनपद आगमन पर सपा छात्र सभा महानगर अध्यक्ष नदीम मलिक के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर सपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आज का युवा रोजगार के अभाव में दिशाहीन होता जा रहा है, और सरकार उसे असली मुद्दों से भटकाकर रील बनाने व दिखाने में उलझाए हुए हैं,युवाओं को रियल में मंथन करना होगा।

इसे भी पढ़ें:  एम.जी. पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाई गई दीपावली

विनीत कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश और देश का युवा आज महंगी शिक्षा, बढ़ती बेरोजगारी और नौकरी के संकट से जूझ रहा है, लेकिन भाजपा सरकार इन ज्वलंत समस्याओं से पूरी तरह मुंह मोड़े हुए है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता केवल खोखले दावों और भ्रामक आंकड़ों में युवाओं को उलझा रहे हैं, जबकि देश की गिरती जीडीपी और प्रदेश की बदहाल आर्थिक स्थिति पर चुप्पी साधे हुए हैं। विनीत कुशवाहा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां शिक्षा विरोधी हैं। वह मदरसों को बंद करने की कार्रवाई करते करते सरकारी प्राइमरी स्कूलों को भी बंद करने की तैयारी कर रही है, जो सीधे तौर पर पीडीए वर्ग के बच्चों के भविष्य पर हमला है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में सपा जिलाध्यक्ष पर हमला, महावीर चौक पर करणी सेना नेता गिरफ्तार

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि छात्र और युवा अब भी नहीं जागे, तो भाजपा सरकार उनके भविष्य को पूरी तरह बर्बाद कर देगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जो भाजपा पहले आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात करती थी, वही आज शंकराचार्य पर हमले पर उतर आई है। विनीत कुशवाहा ने युवाओं और छात्रों से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों और बेहतर भविष्य के लिए एकजुट हों और सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी सरकार बनाने का संकल्प लें।

इसे भी पढ़ें:  ब्यूटी प्रोडक्ट में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

इस दौरान समाजवादी छात्र सभा प्रदेश उपाध्यक्ष व सहारनपुर मंडल प्रभारी पीयूष वाल्मीकि,जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन, जिलाध्यक्ष समाजवादी युवजन सभा सहारनपुर विलास राणा,समाजवादी छात्र सभा जिलाध्यक्ष आयुष चौधरी, सपा नेता डॉ. इसरार अल्वी, इरफान मलिक, फरहान हसन, अक्की मलिक, आसिफ सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share This Article