गांव में चल रहे फर्जी ओयो होटल में एसडीएम मोनालिसा का छापा, मचा हड़कम्प

मुजफ्फरनगर। खतौली क्षेत्र के एक गांव में फर्जी ओयो होटल संचालित करने की शिकायत मिलने पर एसडीएम खतौली मोनालिसा जौहरी ने पुलिस फोर्स के साथ छापा मारा तो हड़कम्प मच गया। यहां पर कई छात्राएं युवकों के साथ पकड़ी गई। एसडीएम ने होटल संचालक के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश दिये हैं। छात्राओं को उनके परिजनों को बुलाकर सुपुर्द किया गया।

उपजिलाधिकारी खतौली मोनालिसा जौहरी को गुरूवार को सूचना मिली थी कि तहसील खतौली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शाहबाजपुर तिगाई में होटल गोल्ड डायमंड के नाम से एक फर्जी ओयो होटल चल रहा था, जिसमे अनैतिक गतिविधिया हो रही हैं। शिकायत को तत्काल संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई करने वाली मोनालिसा जौहरी ने मौके पर जाकर नायब तहसीलदार खतौली अमित रस्तोगी व पुलिस टीम के साथ छापा मारा। छापे के दौरान पांच लड़कियां और कुछ लड़के भी मौके पर मिले तथा कुछ अनैतिक सामान भी मौके पर से प्राप्त हुआ जिसको उपजिलाधिकारी खतौली मोनालिसा जौहरी ने सील करा दिया तथा लड़के व लड़कियों को थाना खतौली भेजकर अग्रिम कार्रवाई करने हेतु थाना अध्यक्ष खतौली को निर्देशित किया गया।

इसे भी पढ़ें:  नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की हुई जमानत

उपजिलाधिकारी खतौली मोनालिसा जौहरी ने बताया कि शिकायत मिली थी कि गांव में एक होटल में अनैतिक गतिवधियां विद्यमान हैं। छापे के दौरान होटल में अनेक लड़के व लड़कियां ठहरे हुए मिले हैं। होटल का पंजीकरण सराय एक्ट के अन्तर्गत भी नहीं पाया गया है। यहां से पकड़े गये लड़के और लड़कियों को थाना खतौली भेजा गया है। होटल को फिलहाल बंद करा दिया गया है। ये ओयो के नाम पर फर्जी होटल चलाया जा रहा था। होटल संचालक के खिलाफ भी विधिक कार्यवाही करने के निर्देश पुलिस को दिये हैं। इस प्रकार की छापामार कार्यवाही चलती रहेगी। इस प्रकरण की गहनता से जांच कराई जा रही है जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। इस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें:  सड़क दुर्घटना का मुकदमा दर्ज
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *