घायल गौवंश को कटान के लिए ले जाते दो आरोपी रंगे हाथ पकड़े

मुजफ्फरनगर। जिले के रामराज क्षेत्र में एक बार फिर गौकशी की कोशिश को नाकाम किया गया है। राष्ट्रीय गौ सेवा संघ टीम के सदस्यों की सक्रियता और सतर्कता से घायल गौवंश को अवैध रूप से कटान के लिए ले जा रहे दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया। घटनास्थल से पुलिस ने दो गौकशों के साथ एक गाय, कटान के औजार और टाटा मैजिक वाहन भी बरामद किया गया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको जेल भेज दिया गया।
राष्ट्रीय गौ सेवा संघ के सदस्य मेरठ जनपद के थाना बहसुमा क्षेत्र के गांव सैफपुर फिरोजपुर निवासी विकास बालियान पुत्र विजयपाल सिंह ने थाना रामराज में पुलिस को शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि गत 30 अगस्त 2025 को सायं करीब 5.30 बजे राष्ट्रीय गौ सेवा संघ की टीम अपने नियमित गश्त पर थी कि समाना उर्फ रामराज में काली सड़क के निकट एक घायल गौवंश मिला, टीम इस घायल बेसहारा गौवंश के उपचार कार्य में व्यस्त हो गई थी। इसी बीच टीम के सदस्य रामअवतार ने सूचना दी कि चार दिन पहले जिन घायल बेसहारा गायों का उपचार टीम द्वारा किया गया था, उनमें से एक राठी नस्ल की गाय को तीन लोग मिलकर जंगल की ओर ले जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही टीम के सदस्य विकास बालीयान अपने साथियों विजय सिंह तोमर, विशाल राठी, आशु और आदेश शर्मा के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां पर जसबीर पुत्र अजब सिह निवासी जमालपुर के घेर के पीछे जंगल में गौकशी करने के लिये तीन युवक एक गाय को टाटा मैजिक (छोटा हाथी) वाहन में लादने की कोशिश करते हुए मिले। टीम ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों शहनवाज पुत्र युनुस और साहिब पुत्र युसूफ निवासी ग्राम कैथोडा थाना मीरापुर को मौके से पकड़ लिया। तीसरा आरोपी कल्लू पुत्र मदन सिंह निवासी माया नगर रामराज गन्ने के खेतों की आड़ लेकर फरार हो गया। युवकों को पकड़ने के बाद टीम सदस्य विकास बालियान ने पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों को दोनों आरोपी सौंप दिए गए।
घटनास्थल से पुलिस को कटान में प्रयुक्त होने वाले औजार के रूप में एक धारदार दांव, दो बड़े छुरे तथा गाड़ी यूपी 12 बीजे 0850 भी बरामद की गई। पकड़े गए आरोपियों, गाय और बरामद सामग्री को थाने लाकर राष्ट्रीय गौ सेवा संघ की ओर से विकास बालीयान ने तहरीर दी। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम एवं गौकशी निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस द्वारा छापेमारी जारी है। रामराज थाने के प्रभारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि गौ सेवा संघ की सक्रियता से एक बड़ी अप्रिय घटना टल गई। आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा फरार अभियुक्त की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर पुलिस मुठभेड़ में घायल छोटा राजन के गुर्गे सतपाल की मौत
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *