मंत्री कपिल देव और पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कराया गणेश जन्मोत्सव समारोह का शुभारंभ, उमड़े श्रद्धालु
श्रीगणपति धाम मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन; पुष्पवर्षा से हुआ जगह-जगह स्वागत
मुजफ्फरनगर। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर सोमवार को भरतिया कॉलोनी स्थित श्री गणपति धाम खाटू श्याम मंदिर में चल रहे श्री गणेश जन्म महोत्सव के तहत भव्य शोभायात्रा निकाली गई। स्वर्ण श्रृंगार और 56 भोग से सुसज्जित भगवान श्री गणेश स्वर्ण रथ पर विराजमान होकर भक्तों का कल्याण करने नगर भ्रमण पर निकले। गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से वातावरण गूंज उठा और हजारों श्रद्धालुओं ने मार्ग में भगवान गणेश के दर्शन कर पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया। जगह जगह भक्तों को प्रसाद भी वितरित किया गया।
शोभायात्रा से पूर्व श्री बालाजी धाम मंदिर परिसर में मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री गणेश की प्रतिमा की स्थापना और पूजन किया गया। प्रदेश सरकार में कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा पूर्व विधायक अशोक कंसल और वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप, सहित अन्य गणमान्य लोगों ने पूजा-अर्चना और आरती में भाग लिया। इसके बाद भगवान श्री गणेश को भव्य स्वर्ण रथ पर विराजमान कराया गया और जयघोष के बीच शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ।

श्री गणपति धाम मंदिर प्रांगण से शुरू हुई शोभायात्रा नवीन मंडी स्थल (गुड़ मंडी), राजबाहा रोड, मुनीम कॉलोनी, नई मंडी बड़े डाकखाने के सामने, गौशाला रोड, पुरानी गुड़ मंडी, पीठ बाजार और बिंदल बाजार से होते हुए आगे बढ़ी। इसके बाद मेहता क्लब के बराबर से वकील रोड, चौड़ी गली, गौशाला रोड, भोपा पुल के बराबर से वकील रोड, नई मंडी बिजलीघर और बड़े डाकखाने के सामने से होते हुए शोभायात्रा वापस श्री गणपति धाम मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

शोभायात्रा में भगवान श्री गणपति का भव्य स्वर्ण रथ और भगवान खाटू श्याम जी का विशाल रथ भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना। यात्रा में 12 भव्य झांकियां शामिल रहीं, जिनके माध्यम से धर्म, संस्कृति, आध्यात्मिकता, शक्ति और देशभक्ति के संदेश प्रस्तुत किए गए। देशभक्ति, महाकाल, हरसिद्धि माता और भगवान के विराट स्वरूप पर आधारित झांकियों ने श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान आकर्षित किया। चार बैंड, दो ढोल-ताशे, दो रथ, दो डीजे और अन्य आकर्षणों के साथ निकली शोभायात्रा में पूरे मार्ग पर भक्ति संगीत और गणपति बप्पा के जयकारे गूंजते रहे। यात्रा मार्ग को तोरणद्वारों, झंडों और आकर्षक सजावट से सजाया गया था। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया और भगवान गणेश के स्वर्ण स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

श्री गणेश प्रतिमा स्थापना एवं शोभायात्रा के अवसर पर पूर्व विधायक अशोक कंसल, उद्यमी एवं समाजसेवी राकेश बिंदल, सतीश चंद गोयल, नरेंद्र गोयल, राजेश जैन, कुश पुरी, श्रवण गर्ग, सुरेंद्र अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव गर्ग, गौरव स्वरूप, विशाल गर्ग, संजीव अग्रवाल, महेश जिंदल, ममता अग्रवाल, पालिका सभासद हिमांशु कौशिक, पूर्व सभासद विकल्प जैन, राहुल पंवार, वरिष्ठ पत्रकार अरविंद भारद्वाज सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंदिर समिति के संरक्षक एवं संस्थापक भीमसेन कंसल, प्रधान अशोक गर्ग, मंत्री अनिल गोयल, कोषाध्यक्ष जेपी गोयल, विनोद राठी, सोमप्रकाश कुच्छल, अम्बरीष सिंघल, बिजेन्द्र रानो, कैलाश चंद ज्ञानी, रजत राठी, रजत गोयल, संजय मित्तल, विकास अग्रवाल कन्नू, अंकित अग्रवाल सहित समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य आयोजन में मौजूद रहे।

भीम कंसल ने बताया कि श्री गणेश जन्म महोत्सव दस दिन तक चलेगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन भगवान गणेश का पूजन और शाम को महाआरती होगी। आगामी दिनों में राधा नाम कीर्तन, श्रीराम संकीर्तन, ताली कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, श्री राधाष्टमी उत्सव, श्री सुंदरकांड पाठ, देशभक्ति एवं भक्तिरस कार्यक्रम तथा एकादशी संकीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 23 सितंबर को पूर्णाहुति के बाद 24 सितंबर को भगवान श्री गणपति जी के विसर्जन के साथ महोत्सव का समापन होगा।
