लखनऊ में नीले ड्रम में मिला शव, बेटा गिरफ्तार

नीले ड्रम में मिला शव मामले ने राजधानी लखनऊ को झकझोर दिया है। 20 फरवरी से लापता शराब और दवा कारोबारी मानवेंद्र सिंह (49 वर्ष) का शव उनके ही घर में एक नीले ड्रम से बरामद हुआ। पुलिस ने हत्या के आरोप में उनके 21 वर्षीय बेटे अक्षत प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि पढ़ाई को लेकर हुए विवाद के बाद यह सनसनीखेज वारदात हुई।

नीले ड्रम में मिला शव: पढ़ाई को लेकर बढ़ा विवाद

पुलिस के अनुसार, 20 फरवरी की सुबह लगभग साढ़े चार बजे मानवेंद्र सिंह अपने बेटे को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समझा रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई।

इसे भी पढ़ें:  खतौली में अपंजीकृत क्लिनिक सील, स्वास्थ्य विभाग सख्त

आरोप है कि गुस्से में आकर अक्षत प्रताप सिंह ने रायफल से अपने पिता को गोली मार दी।

हत्या के बाद शव के किए टुकड़े

जांच में सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने का प्रयास किया। उसने शव को तीसरी मंजिल से नीचे लाकर ग्राउंड फ्लोर के एक खाली कमरे में रखा और शरीर के कई टुकड़े कर दिए।

कुछ हिस्से कथित तौर पर सदरौना के पास फेंक दिए गए, जबकि शेष धड़ को एक नीले ड्रम में छिपा दिया गया।

सोमवार शाम पुलिस आरोपी को लेकर आशियाना स्थित घर पहुंची, जहां ड्रम से मानवेंद्र सिंह का धड़ बरामद हुआ। सिर वाले हिस्से की तलाश जारी है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर विधानसभा में एसआईआर सबसे कमजोर, भाजपा खेमे में बढ़ी चिंता

बहन के सामने की वारदात

रिपोर्ट के अनुसार, घटना के समय घर में बेटी भी मौजूद थी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने बहन के सामने ही पिता को गोली मारी और मशीन से शरीर के टुकड़े किए।

उसने बहन को डरा-धमकाकर चुप रहने को कहा था।

गुमशुदगी से खुला मामला

20 फरवरी को थाना आशियाना में मानवेंद्र सिंह की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी।

जांच के दौरान अक्षत प्रताप सिंह से गहन पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-बांग्लादेश के खिलाफ उमड़ा हिंदू समाज का सैलाब

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है।

डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर ने बताया कि आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बताते चलें कि मानवेंद्र सिंह आशियाना थाना क्षेत्र के एल-91 सेक्टर-एल में अपने परिवार के साथ रहते थे।

नीले ड्रम में मिला शव घटना ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है और पिता-पुत्र के रिश्ते को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article