आधी रात पुलिस छापे में हुआ खुलासा, नवरात्र में प्रतिबंध के बावजूद घर में हो रहा था कटान
शाहपुर के मौहल्ला कस्साबान में 80 किलो मांस, अवैध हथियार और पशु कटान के उपकरण बरामद
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में नवरात्र के दौरान प्रतिबंध के बावजूद ईद की रात अवैध पशु कटान का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आधी रात छापा मारकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य मौके से फरार हो गए। शाहपुर थाना क्षेत्र के कस्सावान मोहल्ले में पुलिस ने अवैध पशु कटान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उस समय की गई जब नवरात्र के दौरान मांस बिक्री और पशु वध पर प्रतिबंध लागू है।
शाहपुर पुलिस के अनुसार, ईद उप फितर के दिन देर रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि साकिब नामक व्यक्ति के मकान में पशुओं का कटान किया जा रहा है। सूचना पर विश्वास करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर के अंदर दबिश दी। छापेमारी के दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोग दीवार फांदकर फरार हो गए, जबकि चार आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साकिब, असद और अनस पुत्रगण नफीस निवासी मौहल्ला कस्साबान शाहपुर और राशिद पुत्र इनाम निवासी मौहल्ला कस्साबान शाहपुर के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे अन्य साथियों के साथ मिलकर ईद के मौके पर पशु काटकर मांस बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने मौके से करीब 80 किलोग्राम भैंस का मांस, कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, रस्सी और लकड़ी का गुटका बरामद किया। इसके अलावा एक अवैध 315 बोर तमंचा, जिंदा कारतूस और दो नाजायज छुरियां भी बरामद हुईं।
पशु चिकित्साधिकारी को मौके पर बुलाकर मांस के नमूने लिए गए और शेष मांस को नष्ट कराया गया। प्राथमिक जांच में बरामद मांस भैंस का प्रतीत हुआ है। पुलिस ने इस मामले में पांच भाइयों समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें गिरफ्तार किए गए साकिब, अनस, असद और राशिद के अलावा आसिफ व जैद पुत्रगण नफीस, आसिफ पुत्र शीनू और नौशाद पुत्र रफीक निवासीगण मौहल्ला कस्साबान शाहपुर शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ क्रिमिनल एक्ट-7,पशु क्रूरता अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
इस मामले में एसआई राहुल तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस पशु कटान की घटना से नवरात्र में क्षेत्र में आक्रोश का माहौल रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बनता है। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक राहुल कुमार व अभिषेक चौधरी के अलावा सिपाही पवन चौधरी, किताब सिंह, अश्वनी कुमार और जितेन्द्र कुमार शामिल रहे। पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उनको न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया है।





