नई दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में एक वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की 21 वर्षीय बेटी की घर के भीतर हत्या का मामला सामने आया है। युवती हाल ही में इंजीनियरिंग पूरी कर UPSC की तैयारी कर रही थी। पुलिस को इस मामले में घर के पूर्व नौकर पर शक है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय युवती घर पर अकेली थी और पढ़ाई में जुटी हुई थी। इसी बीच घर के भीतर ही उसकी हत्या कर दी गई। घर के अंदर हुई इस वारदात ने परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके को झकझोर दिया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला काफी गंभीर और क्रूर दिखाई दे रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, आशंका है कि हत्या से पहले युवती के साथ गलत काम किया गया हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने साफ किया है कि दुष्कर्म की पुष्टि केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल इसे जांच का हिस्सा मानकर देखा जा रहा है।
जांच में यह भी सामने आया है कि युवती की हत्या मोबाइल चार्जर की तार से गला घोंटकर किए जाने की आशंका है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
मामले में शक की सुई घर के एक पूर्व नौकर की ओर घूम रही है। पुलिस को जानकारी मिली है कि राजस्थान का रहने वाला यह व्यक्ति करीब दो महीने पहले तक घर में काम करता था, लेकिन उसके व्यवहार के कारण उसे नौकरी से हटा दिया गया था। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह उसे घर के आसपास देखा गया था। इसके बाद से वह लापता है।
घटना की सूचना मिलते ही दक्षिण-पूर्वी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की गतिविधियों और आने-जाने के समय का पता लगाया जा सके।
इस वारदात के बाद अमर कॉलोनी और आसपास के इलाकों में भय और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग भी इस बात से हैरान हैं कि इतनी सुरक्षित मानी जाने वाली कॉलोनी में घर के भीतर इस तरह की घटना कैसे हो गई।
फिलहाल पूरे मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि फरार संदिग्ध को जल्द पकड़ने की कोशिश की जा रही है।






