खतौली बुढ़ाना रोड के जवाहरलाल नेहरू स्मृति इंटर कॉलेज में आयोजित सात दिवसीय भारतीय भाषा समर कैंप के अंतर्गत विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा, भारतीय संस्कृति एवं विभिन्न प्रदेशों की परंपराओं से परिचित कराया गया।कैंप में संस्कृत भाषा के वार्तालाप, दिनचर्या एवं गीतों के माध्यम से विद्यार्थियों को सरल और रोचक ढंग से संस्कृत का ज्ञान दिया गया। अध्यापिका कु. शिखा द्वारा तैयार कराई गई हिमाचली नृत्य नाटिका ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया, जिसके माध्यम से छात्र-छात्राओं को हिमाचल प्रदेश की भाषा एवं संस्कृति की जानकारी मिली।प्रधानाचार्य डॉ. चन्द्रमोहन शर्मा ने विद्यार्थियों को संस्कृत में यातायात नियमों एवं शिष्टाचार संबंधी शब्दों का अभ्यास कराया। वहीं धर्मेंद्र मलिक ने संस्कृत भाषा में स्थानीय व्यंजनों, मसालों, सब्जियों एवं फलों के नामों का ज्ञान कराया।
प्रधानाचार्य डॉ. चन्द्रमोहन शर्मा ने बताया कि समर कैंप का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न भारतीय भाषाओं से परिचित कराना है, ताकि उनमें सांस्कृतिक विविधता के प्रति सम्मान एवं अपनत्व की भावना विकसित हो सके।कार्यक्रम संयोजक रविंद्र शर्मा ने बताया कि कैंप प्रतिदिन अधिक रोचक एवं ज्ञानवर्धक बनता जा रहा है तथा छात्र-छात्राओं में उत्साह लगातार बढ़ रहा है।






