मीरापुर थाना प्रभारी लाइन हाजिर, तीन थानों में नए इंचार्ज

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने देर रात किया पुलिस अधिकारियों का फेरबदल, कई दरोगाओं को भी मिली नई जिम्मेदारी

मुजफ्फरनगर। जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग में देर रात बड़ा फेरबदल किया गया। इसमें मीरापुर थाना प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया है, वहीं एक थाने के इंचार्ज को क्राइम ब्रांच में जिम्मेदारी दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कई थाना प्रभारियों और उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए तबादला आदेश जारी किए। आदेश के तहत सिविल लाइन, मीरापुर और रतनपुरी थानों में नए थानेदार तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही कुछ उपनिरीक्षकों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

इसे भी पढ़ें:  लाइनमैन की मौत पर आधी रात तक हंगामा, नौकरी और आर्थिक मदद पर समझौता

एसएसपी संजय वर्मा द्वारा शुक्रवार देर रात जारी की गई तबादला सूची के अनुसार सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह को मीरापुर थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं इंस्पेक्टर रघुराज सिंह को सिविल लाइन थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मीरापुर के मौजूदा थाना प्रभारी राजीव शर्मा को गैर जनपद स्थानांतरण होने के चलते लाइन भेजा गया है। इस बदलाव के बाद मीरापुर थाने की कमान अब सिविल लाइन में प्रभारी रहे इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह संभालेंगे। इसी क्रम में रतनपुरी थाने की जिम्मेदारी निरीक्षक महावीर सिंह चौहान को दी गई है। रतनपुरी के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार को थाना प्रभार से हटाकर अपराध शाखा भेजा गया है।

इसे भी पढ़ें:  सदर तहसील के सब रजिस्ट्रार कार्यालय में चोरी से मचा हड़कम्प

थाने में तैनात दो उपनिरीक्षकों को कप्तान ने बनाया चौकी इंचार्ज

एसएसपी संजय वर्मा के आदेश के तहत कुछ उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में भी परिवर्तन किया गया है। खतौली थाने में तैनात उपनिरीक्षक संजय कुमार को रतनपुरी थाना क्षेत्र की रियावली नंगला चौकी का प्रभारी बनाया गया है। वहीं बुढ़ाना थाने में तैनात उपनिरीक्षक रामअवतार सिंह को जसोई चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल के बाद संबंधित अधिकारियों ने अपने नए कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारी संभालने की तैयारी शुरू कर दी है।

इसे भी पढ़ें:  कानपुर में महिला से छेड़खानी करने वाला कॉन्स्टेबल सस्पेंड, पीड़िता ने बहादुरी से पकड़वाया आरोपी
Share This Article