बकाया बिजली बिल को लेकर बलवा खेड़ी में हंगामा, टीम का घेराव

कनेक्शन काटने पहुंची विद्युत विभाग की टीम से ग्रामीणों-किसानों की नोकझोंक, भाकियू नेता विकास शर्मा ने अधिकारियों को मौके पर बुलाकर कराया समाधान

मुजफ्फरनगर। बकाया विद्युत बिल की वसूली को लेकर बलवा खेड़ी गांव में उस समय हंगामा हो गया, जब विद्युत विभाग की टीम बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने पहुंची। टीम की कार्रवाई का किसानों और ग्रामीणों ने विरोध करते हुए घेराव कर लिया। इस दौरान ग्रामीणों और विद्युत विभाग के कर्मचारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। मामला बढ़ने की सूचना पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। वहीं भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) एनसीआर के अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य विकास शर्मा भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-अब कूड़े से कमाई करेगी नगरपालिका

ग्रामीणों का आरोप था कि कई उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में गड़बड़ी है और गलत बिलों को ठीक कराने के लिए उन्हें विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि बिलों में मामूली राशि बकाया होने के बावजूद कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही है, जिससे किसानों और ग्रामीणों में नाराजगी है।

मामले की जानकारी मिलने पर विकास शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया और ग्रामीणों के साथ बैठकर उनकी समस्याओं पर बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों के समक्ष मामूली बकाया राशि को लेकर कनेक्शन काटे जाने का विरोध किया। विकास शर्मा ने कहा कि तीन-चार हजार रुपये जैसे मामूली बकाये के कारण किसी किसान या ग्रामीण का विद्युत कनेक्शन नहीं काटा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के बिल गलत हैं, पहले उनकी जांच कराकर बिलों को दुरुस्त कराया जाए।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना में घोटाला

गलत बिल की समस्या पर अब गांव में लगेगा विशेष कैंप

भाकियू नेता विकास शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए विद्युत विभाग की ओर से गांव में विशेष कैंप लगाने पर सहमति बनी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि कैंप के माध्यम से गलत बिजली बिलों की जांच और उन्हें ठीक कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे ग्रामीणों को विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।

विकास शर्मा ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर भाकियू लगातार आवाज उठाती रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गलत बिलों के कारण उपभोक्ताओं को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। मौके पर विद्युत विभाग के अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच बातचीत के बाद विवाद शांत हुआ। स्थिति को देखते हुए पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। चौकी प्रभारी सतीश धामा, उपनिरीक्षक नितिन तथा पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। बातचीत के बाद ग्रामीणों और विद्युत विभाग के बीच सहमति बनने पर मामला शांत हो गया। इस दौरान सोनू ठाकुर, मोहन ठाकुर, ओमवीर ठाकुर, मोजी राणा, अनिल ठाकुर, राजेंद्र शर्मा, अवधेश शर्मा, मुंशी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR RAIN-जनता ने जनप्रतिनिधियों को दिखाये बदहाली के नाले
Share This Article