रालोद राष्ट्रीय सचिव रमा नागर ने जिला निर्वाचन अधिकारी को भेजी शिकायत, कड़ी, मीरा वाला और शाहदरा बांगर के मतदाताओं का उठाया मुद्दा
मुजफ्फरनगर। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदान केंद्रों के युक्तिकरण की प्रक्रिया के बाद अब मतदान केंद्रों की दूरी को लेकर शिकायतें सामने आने लगी हैं। राष्ट्रीय लोकदल की राष्ट्रीय सचिव एवं रालोद संसदीय बोर्ड की सदस्य रमा नागर ने जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायत भेजकर मीरापुर विधानसभा क्षेत्र के तीन गांवों में नए मतदान केंद्र स्थापित किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि इन गांवों के मतदाताओं को मतदान के लिए अपेक्षाकृत दूर स्थित केंद्रों तक जाना पड़ेगा, जबकि उनके गांवों में ही विद्यालयों में मतदान केंद्र बनाए जाने की पर्याप्त संभावना है।
रालोद सचिव रमा नागर ने अपनी शिकायत में निर्वाचन आयोग के उन प्रावधानों का हवाला दिया है, जिनके तहत मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों की स्थापना की जाती है। निर्वाचन आयोग के अनुसार सामान्य तौर पर किसी मतदाता को मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए अधिक दूरी तय नहीं करनी चाहिए।
कड़ी में 706 मतदाता, मतदान केंद्र करीब 750 मीटर दूर
शिकायत में रमा नागर ने कड़ी गांव का उदाहरण देते हुए बताया कि वर्ष 2026 में प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार गांव में करीब 706 मतदाता हैं। इसके बावजूद कड़ी गांव के मतदाताओं का मतदान केंद्र गांव सभा निजामपुर में बनाया गया है, जो गांव से लगभग 750 मीटर की दूरी पर है। उन्होंने कहा कि कड़ी गांव के साथ ही ग्राम प्रधान के निर्वाचन के लिए दरियापुर में अलग मतदान केंद्र है, जहां कड़ी की तुलना में कम यानी करीब 558 मतदाता हैं। कड़ी गांव के मतदाताओं की सुविधा को देखते हुए गांव में ही मतदान केंद्र स्थापित करने पर विचार करने का अनुरोध किया है।
मीरा वाला के मतदाताओं को करना पड़ता है एक किलोमीटर का सफर
शिकायत में गांव मीरा वाला, जो खरपौड़ ग्राम सभा के अंतर्गत आता है, का भी उल्लेख किया गया है। यहां करीब 600 मतदाता बताए गए हैं। इन मतदाताओं का मतदान केंद्र उच्च प्राथमिक विद्यालय खरपौड़ में है, जिसकी दूरी गांव से लगभग एक किलोमीटर बताई गई है। रालोद नेता ने मतदाताओं की सुविधा को देखते हुए उनके नजदीक मतदान केंद्र उपलब्ध कराने की मांग की है।
शाहदरा बांगर के मतदाताओं के लिए 1.5 किलोमीटर दूरी पर केंद्र
इसी तरह गांव शाहदरा बांगर में करीब 250 मतदाता होने का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि यहां के मतदाताओं को मतदान के लिए प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर जाना पड़ता है। शिकायत के अनुसार मतदान केंद्र की दूरी गांव से लगभग 1.5 किलोमीटर है। रमा नागर ने कहा कि मतदाताओं को उनके नजदीकी स्थान पर मतदान की सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य मतदाताओं को मतदान के दिन अनावश्यक परेशानी न हो।
तीनों गांवों की स्थिति पर प्रशासन से जांच कर कार्रवाई की मांग
रमा नागर ने जिला निर्वाचन अधिकारी से तीनों गांवों की स्थिति की अपने स्तर से जांच कराने तथा मतदाताओं की सुविधा के अनुरूप नए मतदान केंद्र स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों का निर्धारण केवल मतदाताओं की संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि उनकी पहुंच और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखकर भी किया जाना चाहिए। वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी का कहना है कि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार दो किलोमीटर के दायरे में मतदान केंद्र बनाया जा सकता है, शिकायत को लेकर कार्यवाही कराई जा रही है।
