चिलकाना। चिलकाना थाना क्षेत्र में पुलिस ने दुमझेड़ा मार्ग पर चेकिंग के दौरान बिना रॉयल्टी और ओवरलोड खनन सामग्री ले जा रहे दो डंपरों को सीज किया। पुलिस द्वारा खनन सामग्री के परिवहन को लेकर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दो डंपरों को रोककर उनके कागजात और खनन सामग्री से जुड़े दस्तावेज जांचे गए। जांच में दोनों वाहनों के पास खनन सामग्री ले जाने की रॉयल्टी नहीं मिली। इसके अलावा दोनों डंपर तय क्षमता से अधिक सामग्री लेकर जा रहे थे। कार्रवाई में डंपर संख्या एच आर 58-ई 6771 और एच आर 58-ई 3678 शामिल हैं।
दोनों वाहनों को खनन सामग्री समेत सीज कर चिलकाना थाने में खड़ा कराया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई राजस्व टीम के साथ मिलकर की। अभियान में थाना प्रभारी अक्षय शर्मा, उपनिरीक्षक रवि कुमार और हेड कांस्टेबल विवेक कुमार शामिल रहे। थाना प्रभारी अक्षय शर्मा ने बताया कि बिना रॉयल्टी खनन सामग्री का परिवहन और ओवरलोडिंग नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में वाहनों को सीज करने के साथ संबंधित विभाग भी कार्रवाई करता है। अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ चेकिंग आगे भी जारी रहेगी।
