मामूली कहासुनी पर देवबंद में दिन निकलते ही युवक की हत्या

वाल्मीकि बस्ती में सुमित को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट, आरोपी पड़ोसी राहुल गिरफ्तार

सहारनपुर। जनपद सहारनपुर के कस्बा देवबंद में शनिवार सुबह दिन निकलते ही एक वाल्मीकि युवक की नृशंस हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई। नगर की वाल्मीकि बस्ती में मामूली कहासुनी के बाद 35 वर्षीय सुमित वाल्मीकि पर उसके पड़ोसी राहुल ने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने युवक पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और तड़पते हुए वहीं पर दम तोड़ दिया। आसपास के लोगों ने चीख-पुकार सुनी तो मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस घायल सुमित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या की वजह स्पष्ट हो सके।

इसे भी पढ़ें:  फेडरेशन में रंगों की फुहार, होली मिलन समारोह में दिखा उत्साह

देवबंद थाना पुलिस के अनुसार कस्बे की वाल्मीकि बस्ती निवासी सुमित वाल्मीकि ढोल बजाने का काम करता था। शनिवार सुबह उसका अपने पड़ोसी राहुल से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शुरुआत में हुई कहासुनी देखते ही देखते बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान राहुल ने तैश में आकर सुमित पर चाकू से हमला कर दिया। बताया गया है कि आरोपी ने सुमित के शरीर पर चाकू से कई वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। अचानक हुई इस वारदात से आसपास के लोग घबरा गए। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था।

इसे भी पढ़ें:  शकुतीर्थ में कपिल देव ने रखी खाटू श्याम मंदिर की आधारशिला

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल सुमित को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले की जानकारी मिलने पर सीओ देवबंद अमित सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

इसे भी पढ़ें:  रेलवे द्वारा क्षतिग्रस्त की गई पालिका संपत्ति को लेकर मीनाक्षी स्वरूप सख्त

सीओ अमित सिंह ने बताया कि सुमित की हत्या के मामले में आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद ही हत्या की सही वजह का पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद वाल्मीकि बस्ती में दहशत और सनसनी का माहौल है। घटना को लेकर मोहल्ले में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और मामले में आगे की कार्रवाई करने में जुटी है।

Share This Article