विद्यार्थियों की प्रतिभा, नवाचार और रचनात्मकता का दिखा अनूठा संगम, सांस्कृतिक कार्यक्रम में आकर्षक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
मुजफ्फरनगर। एमजी पब्लिक स्कूल में कौशल विकास मेला एवं दशहरा उत्सव का आयोजन उत्साह और हर्षाेल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा उनमें कौशल विकास, नवाचार और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना रहा। छात्रों के कौशल, नवाचार और रचनात्मकता का उत्सव की थीम पर आधारित इस आयोजन में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, नगरपालिका परिषद की चेयरमैन श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप के साथ विशिष्ट अतिथि श्रीमती मेघा गोयल, श्रीमती अनु अग्रवाल, श्रीमती ममता अग्रवाल, गौरव स्वरूप, राकेश बिन्दल ने संयुक्त रूप से किया। एम.जी. चेरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन सतीश चन्द गोयल, एम.जी. पब्लिक स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन भीम सेन कंसल, उपाध्यक्ष विनीत सिंघल, कोषाध्यक्ष रोहित सिंघल और प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग ने अतिथियों का अभिनंदन किया और उनको स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों और रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी व्यावहारिक समझ, कलात्मक अभिरुचि तथा नए विचारों को प्रस्तुत किया। कौशल विकास मेले ने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें निखारने का अवसर प्रदान किया। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों ने यह संदेश दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान प्राप्त करना ही नहीं, बल्कि जीवनोपयोगी कौशल विकसित करना और अपनी प्रतिभा को व्यवहार में प्रदर्शित करना भी है। इसके साथ ही बच्चों द्वारा दी गई मंचीय प्रस्तुतियों में बच्चों ने भारत की विविध नृत्य संस्कृतियों, भजन, गीतों और संगीत के माध्यम से समां बांध दिया। कौशल मेले में स्कूल के छात्र छात्राओं ने विभिन्न क्षेत्रों में अपने विशेष कौशल का प्रदर्शन किया। अतिथियों ने विद्यालय में लगे स्टॉल्स पर पहुंचकर बच्चों की प्रतिभा को परखा और उनको उत्साहवर्धन किया।

इसके अलावा राम कथा की मंचीय प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों ने रामायण प्रसंग का प्रदर्शन कर संस्कृति का संदेष दिया। दशहरा उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं से परिचित कराया गया। भगवान श्रीराम की विजय और बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक दशहरा पर्व के महत्व को भी रेखांकित किया गया। अतिथियों ने विद्यालय परिसर में बुराई के प्रतीक के रूप में रावण के पुतले का दहन किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित किया।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि ये बच्चे ही देष का भविष्य हैं और इनको संभालना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हर बच्चा प्रतिभावान है, उसको पहचानने के प्रयास होने चाहिए और ऐसे अवसर ही इन प्रतिभाओं को निखारते हैं। इन बच्चों को समाज, संस्कृति और भारतीय परम्पराओं का ज्ञान देकर राष्ट्रहित में आगे बढ़ाने का काम किया जाये। पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने अपने संबोधन में बच्चों की प्रतिभाओं को पहचानने और उन पर करियर बनाने का अनावष्यवक दबाव नहीं देने के लिए अभिभावकों का मार्गदर्शन किया। अन्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम की सराहना की।

विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को सीखने, सृजन करने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित किया। कौशल विकास मेले और दशहरा उत्सव का यह संगम शिक्षा, रचनात्मकता और भारतीय संस्कृति के सुंदर समन्वय का उदाहरण बना। इस दौरान मुख्य रूप से मंत्री कपिल देव अग्रवाल, पूर्व मंत्री डॉ. संजीव बालियान, नगरपालिका चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिला मंत्री ममता अग्रवाल, भाजपा नेता गौरव स्वरूप, एम.जी. चेरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन सतीश चन्द गोयल, मेघा गोयल, अथर्व गोयल, एम.जी. पब्लिक स्कूल के चेयरमैन भीम सेन कंसल, उपाध्यक्ष विनीत सिंघल, कोषाध्यक्ष रोहित सिंघल, उद्यमी राकेश बिन्दल, आलोक स्वरूप, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य हनप्रीत सिंह बेदी, गुरू सिंह सभा के प्रधान सतपाल सिंह मान, सुनील सिंघल, दिनेश मोहन एडवोकेट, उदयवीर सिंह पोरिया एडवोकेट, एडीजीसी विक्रान्त राठी एडवोकेट, सत्यवीर सिंह, डॉ. अविनाश रमानी, मुकेश कुमार, अमित सुधा, डा. हरिओम शर्मा, डॉ. विनीत मिनोचा, नन्दिनी मिनोचा, नीरज बंसल, रश्मि बंसल, हनी सिंह सेखो, अमरजीत सिंह वधावन, पंकज चौधरी, दीपक मित्तल, राजन अग्रवाल, दीप अग्रवाल, प्रवीण अरोरा एडवोकेट, सेतु अरोरा, जितेन्द्र संगल, निखिल छाबडा एडवोकेट, राशि चौधरी व वरदान चौधरी, जगदीश पांचाल आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका रितु सिक्का और एंकरिंग छात्रा तेजस्वी एवं वेदिका द्वारा की गई। कार्यक्रम की सफलता में सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं तथा अन्य सहयोगी कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।
