मंसूरपुर के नोना गांव में हुई घटना से शोक, ढाई साल के बेटे के सिर से उठा मां का साया, पति मेरठ रेफर
मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के नोना गांव में घरेलू विवाद के चलते पति-पत्नी ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। दोनों की हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उपचार के दौरान पत्नी दीपा (28) की मौत हो गई। गंभीर हालत के चलते पति दिनेश को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया गया। घटना से परिवार में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, दिनेश और दीपा के बीच पिछले कुछ समय से घरेलू बातों को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार रात दोनों के बीच कहासुनी के बाद जहरीले पदार्थ के सेवन की बात सामने आई। हालत बिगड़ने पर परिजन और ग्रामीण दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद दीपा को बचाया नहीं जा सका। दिनेश की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए मेरठ भेज दिया गया।
परिजनों के अनुसार, दिनेश और दीपा की शादी वर्ष 2021 में हुई थी। दोनों का ढाई साल का बेटा है। मां की मौत और पिता के अस्पताल में भर्ती होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आई है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सीओ खतौली रूपाली राय ने मीडिया को दी जानकारी में बताया कि सोमवार को थाना मंसूरपुर पुलिस को डायल-112 के माध्यम से ग्राम नोना में पति-पत्नी द्वारा जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास करने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर थाना मंसूरपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा पति-दिनेश कुमार पुत्र रत्न सिंह उम्र 30 वर्ष व पत्नी दीपा उम्र 28 वर्ष निवासीगण ग्राम नोना को उपचार हेतु बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां पर उपचार के दौरान दीपा की मृत्यु हो गई, जबकि दिनेश को अपोलो हॉस्पिटल दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया था। पुलिस द्वारा मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने बताया कि रात दोनों के बीच आपसी कहासुनी हो रही थी, इसमें दोनों ने जहरीले पदार्थ का सेवन किया।
