भीषण गर्मी में बिजली संकट पर फूटा जनाक्रोश, हाईवे किया जाम

यातायात जाम होने पर पुलिस में मचा हड़कम्प, बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से बदहाल व्यवस्था के बीच लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है। नई मंडी क्षेत्र के जानसठ रोड विष्णु विहार और सुरेंद्रनगर समेत आसपास की कॉलोनियों के नागरिक देर रात सड़कों पर उतर आए और जानसठ रोड पर बिजलीघर के सामने जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया। पानीपत खटीमा हाईवे पर यातायात जाम हो जाने से पुलिस प्रशासन में हड़कम्प मच गया। यहां पहुंचे पुलिस अफसरों के सामने लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही और शिकायतों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की।

पिछले करीब एक पखवाड़े से जनपद में विद्युत आपूर्ति बदहाल है। ऐसे में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और आग उगलते सूरज के बीच बिजली संकट भी गहराने के कारण शहर से लेकर गांव देहात में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिन हो या रात अघोषित विद्युत कटौती ने जनजीवन को बेहाल करने के साथ ही धंधों पर भी प्रभाव डाला है। ऐसे में आये दिन हो रही इस कटौती से अब लोगों में गुस्सा पनप रहा है और इसी कारण गुरुवार रात करीब 10.30 बजे भीषण गर्मी में बिजली बंद होने से गुस्साए लोगों ने पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर पहुंचकर सड़क जाम कर दी। विष्णु विहार और सुरेन्द्र नगर कालोनियों के साथ ही अन्य आसपास के इलाकों से उमड़े लोगों ने प्रदर्शन कर खूब हंगामा किया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में घंटों तक बिजली गुल रहने से लोगों का जीवन प्रभावित हो गया है। उमस भरी गर्मी में घरों में रहना मुश्किल हो गया है और छोटे बच्चों, बुजुर्गों व महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।

इसे भी पढ़ें:  किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू ने निकाली ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

स्थानीय निवासियों का कहना था कि विष्णु विहार बिजलीघर से जुड़े इलाकों में दिन और रात दोनों समय लगातार कटौती की जा रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद विभागीय अधिकारी समस्या समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं। उनका कहना था कि समय पर बिजली बिल वसूले जा रहे हैं, लेकिन बदले में उपभोक्ताओं को नियमित आपूर्ति नहीं मिल पा रही। प्रदर्शन के दौरान लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। कई महिलाओं ने भी सड़क पर उतरकर आधी रात तक विरोध जताया और कहा कि बिजली कटौती के कारण घरों में पानी की समस्या भी गहराने लगी है। रातभर बिजली गायब रहने से इनवर्टर जवाब दे रहे हैं और लोगों की नींद तक पूरी नहीं हो पा रही।

इसे भी पढ़ें:  LOKSABHA ELECTION-तीन वोटरों की खातिर डीएम कोर्ट में सजा पीवीसी

सूचना मिलने पर नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। काफी देर तक चले हंगामे के बाद अधिकारियों द्वारा बिजली व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिए जाने पर मामला शांत हुआ। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के दौर में लगातार हो रही बिजली कटौती ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है।

इसे भी पढ़ें:  ताबड़तोड़ डंडे बरसाकर सरेआम युवक को पीटा, वीडियो वायरल
Share This Article