ट्रैकसूट और फलों के गोदाम में भीषण आग, लाखों का माल और दो कारें जलकर राख

मीरापुर के भूम्मा रोड स्थित गोदाम में देर रात हुआ हादसा, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

मुजफ्फरनगर। मीरापुर थाना क्षेत्र के भूम्मा रोड स्थित एक ट्रैकसूट और फलों के गोदाम में रविवार देर रात भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से गोदाम के अंदर खड़ी दो कारें भी पूरी तरह नष्ट हो गईं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

इसे भी पढ़ें:  मोमबत्ती बांटने पर खूनी संघर्ष, जमकर चले चाकू, बल्लम और लात-घूसे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार रात करीब दो बजे गोदाम से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखा ट्रैकसूट का स्टॉक, फल तथा अन्य सामान उसकी चपेट में आ गया। घटना की सूचना आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को दी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि घेर में बने गोदाम के भीतर अचानक विद्युत तारों में स्पार्किंग हुई, जिसके बाद आग भड़क गई। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश घायल

गोदाम के अंदर खड़ी व्यापारी की दो कारें भी आग की चपेट में आ गईं। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों वाहन पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो गए। इसके अलावा गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में कपड़ा, फल और अन्य व्यापारिक सामान भी नष्ट हो गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से आग बुझाने का अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को आसपास की इमारतों और अन्य प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

इसे भी पढ़ें:  युवाओं को रोजगार उपलब्धता भाजपा सरकारों की प्राथमिकताः कपिल देव

जानकारी के अनुसार गोदाम संचालक ट्रैकसूट और अन्य सामान वाहनों में भरकर गांव-गांव जाकर बिक्री करते हैं। आग की इस घटना से उनके व्यापार को बड़ा झटका लगा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि वास्तविक क्षति का आकलन अभी किया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया तथा आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article